भोपाल ! मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पिछले सात-आठ वर्ष में प्रदेश की विकास दर डबल डिजिट में रहने के साथ इस वर्ष देश में सर्वाधिक 11 प्रतिशत से अधिक है। कृषि में भी प्रदेश ने 24.99 प्रतिशत विकास दर का देश में ही नहीं विश्व में रिकार्ड स्थापित किया है। वे कल रात मुंबई में सीआईआई द्वारा मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं पर आयोजित समागम में बोल रहे थे। उद्योग जगत को निवेश का आमंत्रण देते हुए श्री चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश में पर्याप्त से अधिक बिजली, मानव संसाधन, बेहतर कानून व्यवस्था के साथ मैं भी हूँ। यहाँ निवेश करने वाले उद्योगपति निराश नहीं होंगे।
श्री चौहान ने कहा कि चम्बल के बीहड़ों में विकास की फसल लहलहाना चाहते हैं। प्रदेश में देश की ही नहीं दुनिया की सबसे अच्छी व्यवस्था लागू करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अब देश में भी सकारात्मक माहौल है। भारत कुछ समय पहले हताशा, निराशा से भरा थका सा लग रहा था। आज आशा और उमंग से भरा है। देश में अच्छे दिनों की शुरूआत हो गयी है। मुख्य सचिव श्री अन्टोनी डिसा ने प्रदेश के विकास के संबंध में प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने राज्य के संसाधनों और निवेशकों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। प्रमुख सचिव उद्योग मोहम्मद सुलेमान ने अतिथियों के स्वागत उद्बोधन में ग्लोबल समिट की संकल्पना पर प्रकाश डाला। सी.आई.आई. के अध्यक्ष आदि गोदरेज ने कहा कि कृषि में मध्यप्रदेश की प्रगति गिनीज बुक में दर्ज करवाने जैसी चमत्कारिक है। राज्य में संरचनात्मक तरीके के कार्य हो रहे हैं, यह उसका प्रमाण है। एस्सेल वर्ल्ड के अध्यक्ष सुभाष चन्द्रा ने कहा कि प्रदेश में सरकार का निवेशकों के साथ जीवंत संपर्क है। क्या कर सकते हैं क्या नहीं, स्पष्ट बता दिया जाता है। वीडियोकॉन के श्री धूत ने कहा कि विगत दशक में प्रदेश की प्रगति जीवन के सभी क्षेत्रों में दिखायी देती है। उद्योगपति सुधांशु देवा ने कहा कि प्रदेश में निवेशकों का दिल से स्वागत होता है। रिलायन्स के श्री सतीश सेठ ने कहा कि प्रदेश के नेतृत्व में दृढ़ इच्छा-शक्ति तथा विकास का माद्दा है। यहाँ उद्योग जगत के लिये सकारात्मक माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *