नयी दिल्ली ! प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति ए पी जे अब्दुल कलाम के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें ऐसा महापुरुष बताया है जिसने अपने जीवन और कार्यों से देशवासियों को प्रेरित किया। श्री मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा कि भारत एक महान वैज्ञानिक, अनोखे राष्ट्रपति और प्रेरणादायी व्यक्ति के निधन से शोकाकुल है। उन्होंने कहा, “उनके निधन का समाचार पूरे देश के लिए और विश्व वैज्ञानिक आलम के लिए दुखद समाचार है।” उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम ने एक महापुरुष का जीवन जीया और अपने कार्यों से देशवासियों को प्रेरित किया। आज पूरा देश उन्हें नमन करता है। एक वैज्ञानिक के रूप में उन्होंने भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह छात्रों और बच्चों से बहुत प्रेम करते थे। वह जब राष्ट्रपति थे तब भी और बाद में भी यही कहते थे कि वह एक शिक्षक हैं और पढ़ाना उनका शौक है और उनके जीवन की अंतिम शाम भी विद्यार्थियों के बीच अपने प्रिय कार्य को करते-करते ही बीती। उन्होंने कहा, “वैज्ञानिक शक्ति को जोड़ने का उनका जीवन भर का प्रयास भारत की बहुत बड़ी पूंजी है।” श्री मोदी ने कहा कि डॉ. कलाम उनके जीवन में एक उत्तम वरिष्ठ मार्गदर्शक रहे। उनके साथ निकटता से काम करने का उन्हें अवसर मिला था। उन्होंने कहा, “मेरे मन में उनके साथ बातचीत की अनेक स्मृतियां हैं। हमेशा उनकी बुद्धिमता से बहुत कुछ पाया और बहुत कुछ सीखा।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने डॉ. कलाम के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह जनता के राष्ट्रपति थे। एक महान आत्मा को श्रद्धांजलि।
पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल ने डॉ. कलाम के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति के रूप में और अपने वैज्ञानिक योगदान के जरिए देश का नाम दुनिया में रोशन किया था। इतना ही नहीं उन्होंने युवाओं को गहरी प्रेरणा और देश को नई दिशा दी थी। डॉ. कलाम आदर्श पुरुष होने के साथ-साथ एक अच्छे इंसान भी थे और वह जीवन के अंतिम समय तक समाज को दिशा देने का काम करते रहे।
रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि देश ने एक महान सपूत को खो दिया है। हम सब शोकाकुल हैं। श्री प्रभु ने अपने सारे सार्वजनिक और सरकारी कार्यक्रमों को स्थगित किये जाने की जानकारी दी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि डॉ. कलाम के निधन का समाचार बहुत दुखी हूं। देश ने एक वास्तविक भारत रत्न को खो दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *