भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत में अमेरिका के राजदूत रिचर्ड आर वर्मा से प्रदेश में आर्थिक निवेश, महिला सशक्तिकरण और धार्मिक स्वतंत्रता जैसे मुद्दों पर चर्चा करते हुए उन्हें इंदौर में होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर्स मीट में आने का न्यौता दिया है।
मुख्यमंत्री चौहान ने आज यहां आए श्री वर्मा और उनके साथ मौजूद अमेरिकी दूतावास के सदस्यों का स्वागत किया।मुलाकात के दौरान श्री चौहान ने बताया कि एक दशक पहले तक मध्यप्रदेश को भारत के पिछड़े राज्यों में गिना जाता था।
आज प्रदेश दो अंक में विकास दर बनाये हुए है और संभवत: विश्व में सबसे ज्यादा कृषि विकास दर वाला राज्य है।उन्होंने बताया कि जल-संवर्धन के क्षेत्र में प्रदेश में अभूतपूर्व काम हुआ है।अब 60 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके लिये छोटी-बड़ी जल-संरचनाओं को सहेजने और पानी बचाने से जल की उपलब्धता बढ़ी है।इसका सकारात्मक प्रभाव कृषि क्षेत्र पर पड़ा।
चौहान ने जन-सहभागिता आधारित विकास के संबंध में चर्चा करते हुए बताया कि प्रदेश में सरकार और समुदाय मिलकर काम करते हैं।हाल में उज्जैन में हुए सिंहस्थ का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि सरकार और लोगों के परस्पर सहयोग से आठ करोड़ श्रद्धालु उज्जैन आये।
नदियों को जीवन दान देने के संदर्भ में उन्होंने बताया कि नर्मदा जैसी नदियों के लिए वनस्पति ही जीवन स्त्रोत हैं, इसीलिये यह निर्णय लिया गया है कि लोगों की भागीदारी से नर्मदा नदी के दोनों किनारों पर एक-एक किलोमीटर के दायरे में बड़ी संख्या में वृक्षारोपण किया जायेगा।
किसानों से फलदार वृक्ष लगाने का आग्रह किया गया है।जब तक उनके पेड़ों में फल नहीं आते तब तक सरकार उन्हें मुआवजा राशि देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *