ग्वालियर। जमीनी विवाद के चलते थानेदार पिता को उसी के बेटे ने गोलियों से भून कर मार डाला। गोलियों की आवाज सुनकर जब मां और भाई सामने आए तो उन पर गोली चला दी। छर्रे लगने से दोनों घायल हो गये हैं। 
जानकारी के मुताबिक दीनदयाल नगर स्थित घर पर धार में पदस्थ थानेदार हनुमान सिंह तोमर की मंगलवार देर रात उनके बेटे अजय सिंह ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। घटना के पीछे प्रॉपर्टी का विवाद है। अजय अपराधी किस्म का व्यक्ति है और उस पर कई प्रकरण भी होना बताये गये हे। थानेदार के छोटे बेटे भानू सिंह के अनुसार घटना के वक्त वह और उसके मां-बाप घर पर ही थे। रात करीब 10 बजे बड़े भाई अजय तोमर अपनी पत्नी के साथ आए और पिता के कमरे में गए। थोड़ी देर बाद गोलियां चलने की आवाज आई। अंदर जाकर देखा तो पिताजी खून से लथपथ पड़े थे। भाई ने मुझ पर और मां पर भी गोली चलाई। दोनों को छर्रे लगे हैं। घटना के बाद अजय भाग निकला। इसके बाद हनुमान सिंह को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 
हनुमान सिंह का मंडला ट्रांसफर हो गया था। सोमवार को वे बड़े भाई की नातिन की शादी में शामिल होने के लिए ग्वालियर आए थे। तोमर परिवार की एक कंपनी सबकी प्रॉपर्टी प्राइवेट लिमिटेड भी चलती है। इसके संचालन को लेकर भी परिवार में आए दिन विवाद होता रहता था। भानू ने बताया कि अजय ने करीब 8 दिन पहले भी घर आकर गाली-गलौज की थी। भानू के मुताबिक उसने घटना के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस को पहुंचने में दो घंटे लग गए। पुलिस अजय की तलाश में लगी है। घायलों का इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *