ग्वालियर। किसानों और युवाओं की समस्या को लेकर कांग्रेस अब दस जुलाई को एक किसान युवा सम्मेलन करेगी। इस सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह , ज्योतिरादित्य सिंधिया भाग लेंगे।
उक्त जानकारी आज पत्रकारों को देते हुए पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. गोविंद सिंह,मप्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष अशोक सिंह ने बताया कि राज्य में अब कांग्रेस नौजवानों और किसानों के हक की लड़ाई लडेगी। उन्होंने बताया कि सीहोर और मंदसौर की घटनाओं के बाद कांग्रेस ने जहां ७२ घंटे का सत्याग्रह किया था। उसके बाद से कांग्रेस ने तय किया कि प्रत्येक संभाग और जिला स्तर पर आंदोलन कर अलख जगाया जाए। इसी तारतम्य में जहां गत दिनों सागर में अजय सिंह उर्फ राहुल और अरूण यादव ने किसान सम्मेलन को संबोधित किया था। डॉ. गोविंद सिंह ने बताया कि अब दस जुलाई को भिंड जिले के लहार कस्बे में एक किसान युवा सम्मेलन किया जाएगा। इस सम्मेलन में पूर्व केन्द्रीय मंत्री कमल नाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांग्रेस के राष्ट्रीय महामंत्री एवं मध्यप्रदेश के प्रभारी मोहन प्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष अरूण यादव, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह , राज्य सभा सांसद विवेक तन्खा , सुरेश पचौरी आदि नेता भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि पिछले सालों में किसानों और युवाओं ने आत्महत्याएं कर रहे हैं। वहीं राज्य सरकार आनंद मंत्रालय बनाकर इन मौत पर आनंद मना रही है। डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि राज्य को चौथी बार कृषि कर्मण पुरस्कार मिल रहा है। वहीं किसान कर्जे से परेशान होकर आत्महत्याएं कर रहे है। केन्द्र सरकार बडे उद्योग घरानों का कर्जा माफ कर रही है वहीं आठ लाख करोड रूपया एनपीए में डालकर उसे भी माफ करने की तैयारी कर रही है। राज्य में कई विभागों में पद खाली पडे हैं। इन पदों को भरा नहीं जा पा रहा है। पत्रकार वार्ता में वासुदेव शर्मा , कृष्णकांत समाधिया , पूर्व विधायक प्रद्युम्र सिंह तोमर, ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन सिंह राठौर, दुश्यंत साहनी आदि मौजूद थे।