अहमदाबाद। देश के अनेक हिस्सों में कोरोना के एक और लहर की शुरुआत की आशंका के बीच गुजरात के सबसे बड़े शहर अहमदाबाद में प्रशासन ने कल यानी गुरुवार से शहर के सभी सार्वजनिक पार्क, कांकरिया लेकफ्रंट और चिड़यिाघर बंद रखने की आज घोषणा कर दी। अहमदाबाद महानगरपालिका ने इसके मातहत आने वाले शहर के सभी 273 पार्क बंद करने की आज घोषणा की। इससे पहले इनके समय को सामान्य से कम रखा गया था। पिछले 24 घंटे में राज्य में कोरोना के करीब 1000 नए मामले आए और 2 लोगों की मौत ( दोनो अहमदाबाद में) हुई।  

राज्य में सक्रिय मामले बढ़ कर करीब 5 हजार हो गए हैं जिनमे करीब 60 जीवन रक्षक प्रणाली यानी वेंटिलेटर पर हैं। राज्य में अब तक कुल मिला कर एक करोड़ 24 लाख से अधिक लोगों की जांच हुई है जिनमे दो लाख 70 हजार संक्रमित पाए गए। कुल 4400 से अधिक की मौत हुई है जिनमे 2300 से अधिक अकेले अहमदाबाद में और करीब एक हजार सूरत में दर्ज की गयी हैं। सूरत शहर की मनपा ने भी पार्क आदि बंद करने का फैसला लिया है।

  राज्य में हाल में स्थानीय निकाय के चुनाव हुए थे और इस दौरान नेताओं की सभाओं रैलियों में ख़ासी भीड़ जुटती थी। कई लोगों का मानना है कि इससे भी कोरोना के दोबारा सिर उठाने में मदद मिली है। राज्य सरकार ने चार महानगरों अहमदाबाद, राजकोट, सूरत और वडोदरा में आज से 31 मार्च तक रात्रि कर्फ्यु का समय दो घंटे बढ़ा कर रात 12 बजे से सुबह 6 की जगह रात 10 से सुबह 6 बजे तक कर दिया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *