जबलपुर। कोरोना संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है, कोविड-19 के कारण रुटीन पुलिसिंग में पहले से ज्यादा चुनौतियां और समस्याएं आ रही हैं, लेकिन ऐसे विकट समय में भी पुलिस विभाग का हर अधिकारी-कर्मचारी कर्तव्य का निर्वहन बखूबी कर रहा है। पुलिस कर्मी स्वयं को सुरक्षित रखते हुए बेहतर पुलिसिंग करें। यह बात प्रदेश पुलिस के मुखिया डीजीपी विवेक जौहरी ने जबलपुर पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम ‘संवाद-पुलिस कोरोना वारियर्स’ में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का हौसला बढ़ाते हुए कही।

डीजीपी विवेक जौहरी ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस के हर जवान ने कोरोना संक्रमण काल में मुस्तैदी से काम किया है। अभी आगे और सतर्कता के साथ सबको काम करना पड़ेगा। कार्यक्रम में पहुंचने पर डीजीपी को गार्ड आॅफ आॅनर व सलामी दी गई। उन्होने शस्त्र शाखा का निरीक्षण किया। डीजीपी का स्वागत आईजी भगवत सिंह चौहान, डीआईजी छिंदवाड़ा अनिल माहेश्वरी, एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इस दौरान एएसपी अमित कुमार, एएसपी अगम जैन, एएसपी गोपाल खांडेल, एएसपी शिवेश सिंह बघेल, आरआई सौरभ तिवारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

दिवंगत टीआई, प्रधान आरक्षक को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान डीजीपी विवेक जौहरी ने कोरोना से जंग लड़ते हुए दिवंगत हुए खितौला टीआई गोपाल सिंह जगेत तथा यादव कालोनी में पदस्थ रहे प्रधान आरक्षक अभय नौरिया को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ ही आईजी व अन्य अधिकारियों ने भी दिवंगत टीआई एवं प्रधान आरक्षक के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

वन-टू-वन की बात
डीजीपी जौहरी ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों से वन-टू-वन बात करते हुए उनकी समस्याएं सुनी। कोरोना संक्रमण के दौरान होने वाली समस्याओं तथा अन्य के संबंध में एक-एक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी से बातचीत की और उचित मार्गदर्शन देकर अधिकारियों को दिशा निर्देश  दिए। एक पुलिस कर्मी ने कोरोना संक्रमण काल के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंस से मुल्जिम पेशी की मांग की। इसी बीच डीजीपी ने सीएसपी कोतवाली दीपक मिश्रा से कोरोना संक्रमण के दौर में पुलिसिंग कैसे की, यह जानकारी ली। कोरोना से संक्रमित होकर ठीक होने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों से भी उनके अनुभव को लेकर चर्चा की।

डीजीपी का तीन सूत्रीय मंत्र
डीजीपी विवेक जौहरी ने सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को कोरोना संक्रमण के दौरान स्वयं का बचाते हुए बेहतर तरीके से पुलिसिंग करने के लिए मास्क, सैनेटाइजर व सावधानी का 3 सूत्रीय मंत्र बताया। जिसमें डीजीपी ने सभी पुलिस वालों को बिना लापरवाही बरते मास्क पहनना, सैनेटाइजर का इस्तेमाल करना एवं पूरी सावधानी से काम करने की सलाह दी।

पुलिस कंट्रोल रूम में अपराधों की समीक्षा
डीजीपी विवेक जौहरी दोपहर में पुलिस कंट्रोल रुम में पुलिस अधिकारियों की बैठक लेंगे तथा अपराधों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद रात्रि विश्राम कर कल सुबह बालाघाट के लिए रवाना होंगे। शाम तक डीजीपी शहर के किसी थाने का निरीक्षण भी कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *