भोपाल ! छिंदवाड़ा में मचगोरा बांध के निर्माण कार्य के दौरान एक श्रमिक को ठेकेदार द्वारा जिन्दा गाड़ दिया जाने और दूसरे श्रमिक (चौकीदार) की पीट-पीटकर हत्या कर देने की खबर के बाद हड़कंप मचा हुआ है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता आराधना भार्गव ने बताया कि कल रात जयराम वल्द बुद्धू मशराम उम्र 21 साल बांध निर्माण क्षेत्र में ठेकेदार के पास काम पर गया हुआ था। आज सुबह उसकी लाश बांध निर्माण क्षेत्र में जमीन के नीचे गढ़ी हुई पाई गयी और उसका हाथ ही सिर्फ जमीन के बाहर दिख रहा था। इसी तरह बांध क्षेत्र में चौकीदारी का काम करने वाले श्रीराम उम्र 60 साल को गंभीर हालत में छिंदवाड़ा अस्पताल ले जाते हुए उसकी मौत हो गई। मृतक के सिर पर राड या कोई इसी तरह के हथियार से हमला किया गया था जिससे उसका सिर फट गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के साथ ही किसान संघर्ष समिति के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और बांध निर्माण का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने घटना पर विरोध प्रकट किया। किसान संघर्ष समिति के कार्यकर्ता और पूर्व विधायक डा. सुनीलम ने मांग की है कि बांध निर्माण में लगे ठेकेदार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाये, मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये का नगद प्रबंध किया जाये और दोनों मृतकों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया जाये, साथ ही पेंच व्यपवर्तन परियोजना के अधिकारियों की लापरवाही की भी उच्चस्तरीय जांच कराई जाये। ग्रामवासीअपनी मांगों पर कोई समझोता करने को तैयार नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *