भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल पीएचक्यू में पदस्थ एक डीएसपी ने फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली है। उनका शव सोमवार शाम धार जिले के गांव रेबडदा में स्थित पुश्तैनी मकान में फंदे पर लटका मिला। बताया जाता कि वह लंबे समय से तनाव में थे।
डीएसपी भीमसिंह अहरवार (60) पीएचक्यू स्थित विशेष शाखा में कानून व्यवस्था के पद पर कार्यरत थे। वह धार जिले के कुक्षी क्षेत्र के डही विकासखंड के ग्राम रेबड़दा के रहने वाले थे। डही थाने के टीआई शिवराम जाट के मुताबिक भीमसिंह जुलाई 2020 के बाद से ड्यूटी पर नहीं जा रहे थे। इस दौरान वह अपने गांव स्थित घर में अकेले रह रहे थे। बताया जाता है, उनके और परिवार के बीच किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। इस कारण वह तनाव में थे।
वह नियमित रूप से शाम को घूमने जाते थे, लेकिन सोमवार देर शाम तक घर से नहीं निकले। पड़ोसियों ने घर पहुंचकर आवाज दी, लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसी बीच कुछ लोगों ने देखा कि वे घर में फंदे पर लटके हैं। मौके पर पहुंची पुलिस मामले में पड़ताल में जुट गई है। पत्नी और अन्य परिवार बालाघाट में रहता है, वहीं बेटे इंदौर में रहकर पढ़ाई करते हैं।
पुलिस ने आज मंगलवार को सुबह पोस्टमार्टम करवाया है। सूचना पर परिजन गांव पहुंच गए। पीएम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। आसपास के लोगों के मुताबिक उनके और परिजन के बीच विवाद होता रहता था। हालांकि इस बारे में पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। घटनास्थल से सुसाइड नोट नहीं मिला है। दोपहर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
