ग्वालियर। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा मारे गए कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे की दो बंदूकों के साथ दो आरोपियों को पकड़ने में भिण्ड पुलिस ने सफलता प्राप्त की है। एक बंदूक अमेरिकन सेमी ऑटोमेटिक राइफल एवं दूसरी 12 बोर की दुनाली बंदूक है। पुलिस द्वारा बंदूकों के साथ पकड़े गए आरोपियों अभिषेक शर्मा एवं आकाश कुशवाह को गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी द्वारा इससे पहले भी भिण्ड जिला न्यायालय के मालखाने से बंदूक चोरी की घटना को अंजाम दिया जा चुका है।

उत्तर प्रदेश के कानपुर का रहने वाला कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे बीते साल एक एनकाउंटर में मारा गया था। विकास दुबे के तार मध्यप्रदेश से भी जुड़े थे और उसे मध्यप्रदेश के उज्जैन से ही गिरफ्तार किया गया था बाद में उत्तर प्रदेश ले जाने के दौरान ही एक एनकाउंटर में वह मारा गया। एनकाउंटर के लगभग 8 महीने बाद भिण्ड पुलिस को विकास दुबे की दो बंदूकें मिली हैं। पुलिस द्वारा अभिषेक शर्मा के कब्जे से अमेरिकन सेमी ऑटोमेटिक राइफल एवं आकाश कुशवाह के कब्जे से 12 बोर की दुनाली बंदूक जब्त की है।

भिण्ड पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अभिषेक शर्मा द्वारा पहले भी न्यायालय से 14 बंदूकों की चोरी को अंजाम दिया जा चुका है। दोनों ही आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उन पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। दोनों ही आरोपी पूर्व में भी आम्र्स तस्करी के मामले में गिरफ्तार किए जा चुके हैं। आरोपियों द्वारा पुलिस को बताया गया कि दोनों हथियार कानपुर देहात के कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे के थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *