ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। हत्या, लूट एक आम बात हो गई है। पुलिस का अपराधियों में कतई भय नहीं है। आज सोमवार को दिन दहाडे व्यस्त और भरे बाजार दानाओली में 3 बजे एक बंदूकधारी ने युवक को गोली मार दी। इसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं फायरिंग में मृतक का साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया है, जिसे अस्पताल भेजा गया है। इसके अलावा रास्ते से निकल रहे दो अन्य लोगों को भी गोली के छर्रे लगे हैं। घटना से शहर के व्यापारियों में भय व दहशत के चलते व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर ली। जब मौके पर पुलिस पहुंची तब व्यापारियों ने अपनी दुकानें खोली।
फिलहाल घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन आपसी रंजिश का मामला बताया जा रहा है। एक दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। सूचना पर जनकगंज थाना क्षेत्र पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को पीएम भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें मृतक और आरोपियों की पहचान हो गई है। जनकगंज थाना क्षेत्र व्यस्त और संकरे बाजार दानाओली में दिन दहाड़े गोली चलने से दहशत फैल गई। इसके बाद वहां पर अफरातफरी मच गई।
घटना के सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि एक आदमी 12 बोर की बंदूक लिए एक व्यक्ति पर फायर कर रहा है। उसने दो लोगों को निशाना बनाया है। पहले एक युवक को गोली मारी गई, इसके बाद वह भागते हुए बाजार में घुसा, बंदूकबाज युवक उसके पीछे आया, उसके साथ दो लड़के भी थे। इसके बाद सामने से आ रहे मोटर बाइक सवार को बंदूक से गोली मार दी। गोली युवक के सर में लगी उसका सिर फट गया और वो पास में खडी एक कार से टकराया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान स्थानीय लोगों ने कबीर तोमर के रूप में की है, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का नाम बालेंदु शर्मा है, जो ढोली बुआ का पुल का निवासी है। मुख्य आरोपी का नाम अक्कू शर्मा बताया गया है जो कहीं पर गार्ड की नौकरी करता है। वहीं घटना के समय उसके साथ दो अन्य साथियों में उसका भतीजा और एक अन्य भूपेंद्र शर्मा उर्फ लाला भी मौजूद थे।