ग्वालियर। भिण्ड शहर के चतुर्वेदी नगर में किराए के मकान में रहने वाली एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की गला काटकर हत्या कर अपने तीन बच्चों के साथ प्रेमी के साथ भागी महिला व उसके प्रेमी को झारखण्ड से गिरतार कर तीनों बच्चों को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
भिण्ड के सरोज नगर में रहने वाली मृतक अशोक तोमर की सास उषा देवी सेंगर ने आज यहां बताया कि अशोक सिंह तोमर दो साल पूर्व ग्वालियर के दीनदयाल नगर में किराने की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। जहां अशोक तोमर की पत्नी श्रीमती अंजना के पडोस में रहने वाले आशीष चौधरी से प्रेम प्रसंग चलने लगा। अंजना और आशीष चौधरी के अनैतिक रिश्तों का पता जब अशोक का लगा तो अशोक का आशीष से झगडा भी हुआ। फिर भी दोनों के रिश्तों में कोई कमी नहीं आई तो अशोक ग्वालियर छोडकर जुलाई 2015 में अपने पत्नी बच्चों के साथ भिण्ड आ गया और चतुर्वेदी नगर में एक किराए के मकान में रहने लगा। अशोक तोमर रोजगार की तलाश में गुजरात के अहमदाबाद चला गया। अंजना अपने तीन बच्चों के साथ चतुर्वेदी नगर में ही रह रही थी। अंजना के आशीष के रिश्तों में कोई कमी नहीं आई। आशीष भिण्ड आकर अंजना से बराबर मिलता रहा।
उषा देवी सेंगर ने बताया कि उसने बेटी अंजना को बहुत समझाया लेकिन उसने एक नहीं मानी। अहमदाबाद से दामाद अशोक का फोन आया था कि वह 13 जनवरी को भिण्ड आ रहा है। 14 जनवरी को जब वह अशोक से मिलने उसके घर गई तो घर में ताला लगा हुआ था। दामाद अशोक व बेटी अंजना का मोबाईल भी बंद मिला। वह घर वापस आ गई। 21 जनवरी को जब चतुर्वेदी नगर से मकान मालिक का फोन आया कि अशोक के कमरे से काफी तेज बदबू आ रही है तब उसको कुछ शक हुआ। वह शहर कोतवाली पहुंची। शहर कोतवाली के नगर निरीक्षक सुनील खेमरिया पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और मकान के कमरे का ताला तोडा गया तो कमरे में गद्दे में लिपटी हुई लाश मिली। एक स्टील के डिब्बे में खून भरा हुआ बरामद किया गया।
एडीशनल एसपी अमृत मीणा ने आज यहां बताया कि अशोक तोमर 35 वर्ष की 14 जनवरी को धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की गई है। हत्या की घटना के बाद मृतक अशोक तोमर की पत्नी अंजना अपने तीन मासूम बच्चों सहित फरार थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर झारखण्ड से अंजना उसके प्रेमी आशीष चौधरी को गिरतार कर लिया हैं। पुलिस ने तीनों बच्चों को भी सकुशल बरामद कर लिए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *