इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में भारतीय जनता पार्टी के विधायक रमेश मेंदोला ने एक पत्र के माध्यम से अपनी ही पार्टी की महापौर मालिनी गौड़ को घेरने की कोशिश की है। मेंदोला ने नागरिकों को मिलने वाली मूलभूत आवश्यकताओं की बदहाल स्थिति का जिक्र करते हुए महापौर के दो वर्ष के कार्यकाल को विफल करार दिया है। विधायक मेंदोला ने पत्र के विषय में बताया कि उन्होंने 29 अगस्त को महापौर को पत्र लिखा है।
मेंदोला ने कहा कि नगर निगम का कर्तव्य शहर के नागरिकों को मूलभूत सुविधा देना है, जिसके एवज में निगम विभिन्न करों के रूप में एक बड़ी राशि का भुगतान प्राप्त करता है। उन्होंने महापौर पर आरोप लगाते हुए कहा कि दो वर्षो के कार्यकाल में श्रीमती गौड़ ने शहर के लिए कुछ नहीं किया। प्रकाश और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं पर निगम विफल रहा है।
विधायक ने इस पत्र की प्रति मुख्यमंत्री को भी प्रेषित कर उन्हें उनके सपने के शहर इंदौर की बदहाल स्थिति से रूबरू करवाने की बात कही। वहीं पत्र के विषय में महापौर मालिनी गौड़ से पूछे जाने पर उन्होंने इस विषय में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।