ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में एक बार फिर रेत के अवैध परिवहन को लेकर हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई जबकि एक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को भिण्ड जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने रेत उत्खनन में लगी कंपनी पावरमेक प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के एक कर्मचारी के साथ ही उसके तीन नामजद किराए के कर्मचारियों एवं 7 अज्ञात लोगों पर हत्या एवं हत्या के प्रयास सहित तमाम धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश प्रारंभ कर दी है।

भिण्ड जिले में सिंध नदी से रेत उत्खनन का ठेका हैदराबाद की पावर मेक प्रोजेक्ट्स लिमिटेड कंपनी को कोटा कृष्णा प्रवीण के नाम से दिया गया है। लेकिन कंपनी द्वारा तमाम नियमों को ताक पर रखकर पनडुब्बियों के जरिए नदी के बीच से लगातार अवैध उत्खनन करवाया जा रहा है। ऐसे में रेत माफिया भी अवैध परिवहन करने से बाज नहीं आ रहे। बड़ी संख्या में अवैध रूप से ट्रैक्टर ट्रॉली, डंपर और ट्रकों के जरिए माफिया द्वारा रेत का परिवहन किए जाने की सूचनाएं मिल रही हैं। इसको रोकने के लिए कंपनी द्वारा कई भाड़े के बंदूकधारी गुंडों को किराए पर भी रखा गया है।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार देर रात को कुछ लोगों द्वारा अमायन थाना क्षेत्र स्थित रेत खदान से ट्रैक्टर ट्रॉली भर कर बिना रॉयल्टी चुकाये ही गांव के रास्ते उसे निकालने की कोशिश की जा रही थी। जैसे ही पॉवरमेक कंपनी के कर्मचारियों को इसकी सूचना लगी वैसे ही पॉवरमेक कंपनी के कर्मचारी विनोद मद्रासी द्वारा अन्य कर्मचारियों को साथ लेकर ट्रैक्टर ट्रॉली को रोकने की कोशिश की। जिस पर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ और देखते ही देखते गोलीबारी होने लगी। पावर मेक कंपनी के कर्मचारियों द्वारा टारगेट कर ट्रैक्टर ट्रॉली के ऊपर फायरिंग की गई जिसमें एक ट्रैक्टर मालिक 30 वर्षीय रॉकी गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि समरथ सिंह तोमर नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे भिण्ड जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामले की सूचना लगते ही अमायन थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने पावर मेक कंपनी के कर्मचारी विनोद मद्रासी के साथ ही तीन अन्य भाड़े के कर्मचारियों जिनमें बलदेव राजपूत, प्रदीप गुर्जर एवं शैलेंद्र राजपूत के नाम शामिल हैं इनके साथ ही सात अन्य लोगों पर धारा 302, 307, 147, 148 एवं 149 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं, पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
भिण्ड पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि भिण्ड जिले में अबैध रेत उत्खनन पर प्रतिबंध लगाया गया है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए है कि उनके क्षेत्र में अगर अबैध उत्खनन पाया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। अमायन में जो घटना हुई है उनके आरोपियों को पकडने के लिए पुलिस पार्टी दबिश दे रही है। सभी आरोपी जल्द पकड लिए जाऐंगे।
