इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में इन दिनों शहर की प्रतिष्ठा पर दाग लगाने वाली घटनाएं हो रहीं हैं। इंदौर का एमवाय अस्पताल मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है। इस अस्पताल से तस्वीरें सामने आ रहीं हैं। ड्यूटी डॉक्टर ने एक ही स्ट्रेचर पर महिला और पुरुष मरीज को लेटाकर जांच के लिए भेज दिया। मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने ड्यूटी डॉक्टर सहित स्टाफ को नोटिस जारी किया है।

खंडवा जिले के पंधाना की महिला हड्डी रोग विभाग में भर्ती है। हादसे में घायल महिला को करीब 10 दिन पहले यहां भर्ती किया गया था। पास ही के वार्ड में एक अन्य मरीज भी था जिसका एक्स-रे होना था। वार्ड 9, 10 में भर्ती इन दोनों मरीजों की जांच होना थी जिसके लिए उन्हें नीचे के फ्लोर पर भेजा जाना था।

पहले तो काफी देर तक स्ट्रैचर ढूंढा गया, लेकिन जब वह नहीं मिला तो व्हील वाले छोटे पलंग पर दोनों मरीजों को लेटाकर परिजनों के साथ भेज दिया। इस बारे में जब महिला मरीज के पति से बात की गई तो वह बोला कि गाड़ी नहीं मिली। इसलिए हमें ऐसे ही लाना पडा। हमको बताया गया कि जांच जल्दी करवा लो वरना डॉक्टर साहब चले जाएंगे। यहां भीड भी बहुत है। इसलिए ऐसे ही ले गए।

जब इसकी जानकारी अधिकारियों को लगी तो मेट्रन को तलब किया गया। प्रभारी डीन डॉ. केके अरोरा अस्पताल पहुंचे। बंद कमरे में मेट्रन और सीएमओ से बात की गई। इसके बाद अधीक्षक डॉ. पीएस ठाकुर ने हड्डी रोग विभाग के ड्यूटी डॉक्टरों, नर्स और वार्ड बॉय को नोटिस जारी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *