नई दिल्ली। शनिवार को नई दिल्ली में कांग्रेस (Congress) के कई असंतुष्ट नेताओं के साथ 10 जनपथ पर पार्टी आलाकमान के साथ बैठक के बाद चार राज्यों में संगठन में फेरबदल की शुरुआत हो गई है। शुरुआती दौर में पार्टी चार राज्यों- तेलंगाना, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में बदलाव करने जा रही है। इस क्रम में तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम कुमार रेड्डी ने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (GHMC) चुनावों में पार्टी की हार और खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
दरअसल अब तक तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष उत्तम कुमार रेड्डी के साथ-साथ गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने भी चुनावों में गुजरात में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद इस्तीफा दे दिया है। कुछ राज्यों में आगामी महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसको लेकर कांग्रेस तैयारी में जुट गई है। तेलंगाना, पंजाब और गुजरात में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) में जल्द ही बड़े बदलाव की सुगबुगाहट है। इन राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष भी बदले जा सकते हैं। शनिवार को पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कई नेताओं से बात की थी। इनमें से कई नेताओं ने पार्टी में अंदरूनी स्तर पर सुधार की बात कही थी।