
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री चौहान कल शनिवार को दोपहर ११ बजे से भेल दशहरा मैदान में उपवास पर बैठेंगे। वहीं से वह सरकार भी चलाएंगे। मुख्यमंत्री ने मीडिया कर्मियों से चर्चा करते हुए कहा कि एनकी सरकार ने साढे ग्यारह साल काम किया। वह बल्लभ भवन में ज्यादा नहीं बैठे। हमेशा किसानों की मदद करने गए। जो पहले नहीं हुआ वो हमने किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने इस किसान आंदोलन का फायदा उठाया है। उन्होंने कहा कि कानून तोडने वालों पर कडी कार्रवाई होगी। शिवराज सिंह ने कहा कि वह पत्थर दिल इंसान नहीं है। किसानों से चर्चा के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले है।
उधर किसानों ने भोपाल इंदौर हाइवे पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान आंदोलनकारियों को काबू करने पुलिस को लाठियां भांजना पडी। वहीं आंसू गैस के गोले भी छोड़े। उपद्रवियों ने बसों के कांच तोडे। वहीं हाइवे पर लंबी लंबी कतारें लग गई। पुलिस ने सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की थी। यहां से कई किसानों को पुलिस ने पकडा। अप्रिय स्थिति देखते हुए इंदौर की चाटर्ड बसें भी लौटा दी। उपद्रवियों ने ट्रकों में आग लगा दी। उधर कांग्रेस ने दावा किया कि उनके जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष अवनीश भार्गव ने एक सैकडा कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तारी दी है। पुलिस ने युवक कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष को भी हिरासत में लिया है। पुलिस डीआईजी रतन सिंह ने २७ लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुणाल चौधरी ने आरोप लगाया कि किसान आंदोलन को कुचलने का पुलिस प्रयास कर रही है।