ग्वालियर। अमरनाथ यात्रा के दौरान बस दुर्घटना में बीते दिनों ग्वालियर के 3 लोगों की मौत हो गई थी। मंगलवार सुबह जैसे ही एक घर से दो भाईयों की अर्थियां उठीं, पूरा माहौल गमगीन हो गया। तीसरे मृतक का अंतिम संस्कार टीकमगढ़ में किया गया।
तीन दिन पहले अमरनाथ यात्रा के दौरान बस एक्सीडेंट में ग्वालियर के राजेन्द्र सिंह, रवि और संजय यादव की मौत हो गई थी। मंगलवार को तीनों के शव ग्वालियर लाए गए। इसमें राजेन्द्र और संजय ग्वालियर की क्रेशर कॉलोनी में रहते थे और रवि टीकमगढ़ मे रहता था। राजेन्द्र और संजय के शव मंगलवार को क्रेशर कॉलोनी पहुंचे और रवि का शव टीकमगढ़ भेजा गया। जैसे ही शव घर पहुंचे, पूरा माहौल शोकाकुल हो गया। कोई राजेन्द्र के दुखी बेटे को संभाले हुए था, तो कॉलोनी की महिलाएं और रिश्तेदार राजेन्द्र और संजय की पत्नी को दिलासा दे रहे थे। दोनों के शव ताबूत से निकालकर अर्थी पर रखे गए। जैसे ही परिवार की महिलाओं और बच्चों ने मृतकों का चेहरा देखा, वैसे ही सभी की आंखों में आंसू आ गए।
लोगों ने मुश्किल से महिलाओं को शवों से अलग किया और समझाया। इसके बाद जैसे ही अर्थियां उठीं, पूरा वातावरण गमगीन हो गया। मृतकों को गोला का मंदिर के श्मशानघाट में ले जाया गया। शवों को राजेन्द्र के बेटे देवू ने अग्नि दी। उधर रवि का अंतिम संस्कार टीकमगढ़ में किया गया। इस बीच राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख और घायल को 20 हजार की सहायता की घोषणा की है।