भिण्ड। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के निधन के बाद से खाली हुई अटेर विधानसभा के उपचुनाव में स्वर्गीय कटारे के छोटे बेटे हेमंत कटारे ने 857 वोट से भाजपा के डॉ अरविंद भदौरिया को हराकर चुनाव जीत लिया। उपचुनाव में अटेर विधानसभा सीट पर कांग्रेस से पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और भाजपा से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की साख दांव पर लगी थी।
अटेर उपचुनाव में कांग्रेस हेमंत कटारे की जीत को मिशन 2018 मानकर चल रही है। कांग्रेस प्रत्याशी कटारे को 59228 वोट मिले और भाजपा प्रत्याशी डॉ भदौरिया को 58371 वोट मिले।
अटेर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना शहर के एमजेएस कॉलेज में सुबह 8 बजे शुरू हुई। सबसे पहले डाक मतपत्र की गिनती हुई। कुल 20 डाक मतपत्र थे, जिनमें 2 मतपत्र रिजेक्ट हुए। कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कटारे को 12 डाक मत मिले। भाजपा के डॉ अरविंद भदौरिया को 4 मत मिले और 2 मत अन्य प्रन्याशियों को मिले। डाक मतपत्र की गिनती के बाद ईवीएम की गणना शुरू हुई। 21 राउंड तक अटेर उपचुनाव की हारजीत का नतीजा लोगों में सस्पेंस बढ़ाए रहा।
21वे राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी कटारे 857 वोट से जीते तो भाजपा प्रत्याशी डॉ भदौरिया की ओर से उनके चुनाव अभिकर्ता वकील शैलेंद्र सिंह सांकरी ने री-काउंटिंग के लिए आवेदन किया, लेकिन अटेर रिटर्निंग ऑफिसर अनिल बनवारिया ने री काउंटिंग की मांग को खारिज कर दिया।
अटेर विधानसभा में कांग्रेस की जीत को अप्रत्याशित तो नहीं कहा जाएगा लेकिन यहां जिस तरह भाजपा ने सत्ता एवं संगठन के सारे संसाधन पूरी ताकत के साथ झोंक दिए थे उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि कांग्रेस ने यह चुनाव एक रणनीति बनाकर लडा था। इस चुनाव में कांग्रेस ने जिस तरह एकजुटता का परिचय दिया है अगर यह जुनून इसी तरह बना रहा तो 2018 के चुनाव में फतह करना कोई मुश्किल काम नहीं है। इस उपचुनाव में प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉं. गोविन्द सिंह को चुनाव प्रभारी की बागडोर सौंपी गई थी। डॉं. गोपिन्द सिंह क्षेत्र के एक ताकतवर नेता के रुप में जाने जाते है। कांग्रेस की जीत का सेहरा जहो पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिन्धिया को जाता है तो स्थानीय स्तर पर डॉं. गोविन्द सिंह की भूमिका भी कम नहीं है। डॉं. गोविन्द सिंह लहार के कांग्रेस विधायक हैं और लगातार छइवीं बार चुनाव जीतकर विधानसभा में पहुंचे है। और 2018 में सातवीं बार भी फतह हासिल करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *