मुरैना। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य में किसी भी किसान की दुर्घटना में मृत्यु होने पर उसके परिजनों को चार लाख रूपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होने यह भी कहा कि महिलाओं के साथ दुराचार करने वाले दुराचारी को भी फांसी की सजा दी जाना चाहिए। इसके लिए वह संसद में चर्चा करवाएगे।
मुख्यमंत्री चौहान आज मुरैना जिले के जौरा तहसील में रजौधा गांव में विधायक सूबेदार सिंह सिकरवार के गृहग्राम में आयोजित रामकथा के समापन अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ दुराचार करने वाले दुराचारी को फांसी की सजा दी जाए इसके लिए वह स्वयं संसद में चर्चा करने के लिए पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में एक बडा नशा मुक्ति अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में अब कोई भी नई शराब फैक्ट्री खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले पांच साल से राज्य में एक भी नई शराब की दुकान नहीं खोली गई है। आगे भी शराब दुकान खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने सभा में नशा ना करने का संकल्प भी दिलवाया।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राज्य में २०२२ तक कोई भी गरीब बिना मकान के नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार उसे जहां रह रहा है उस जमीन का पटटा दिलाएगी। उस पर मकान बनाने के लिए एक लाख २० हजार रूपए भी दिलवाए जाएंगे साथ ही शौचालय बनाने के लिए प्रथक से १२ हजार रूपए भी दिए जाएगे। उन्होंने कहा कि राज्य में अब सामान्य वर्ग के छात्रों को भी ८५ प्रतिशत अंक लाने पर इंटर में छात्रवृत्ति दी जाएगी। साथ ही उसे उच्च शिक्षा में जाने के लिए फीस का खर्च साथ ही कोचिंग करने के लिए पैसे भी सरकार देगी। उन्होंने कहा कि राज्य में अभी तक २४ लाख लाडली लक्ष्मी बन चुकी है। महिला सशक्तिकरण को बढावा देने के लिए महिलाओं को अब शिक्षा विभाग की भर्ती में पचास प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। साथ ही पुलिस मेंं भी ३३ प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को दिया जा रहा है। कैलारस शक्कर कारखाने के बारे में उन्होंने कहा कि अगली बैठक में कैलारस शक्कर कारखाने को शुरू करने के लिए प्रस्ताव लाया जाएगा। इसे चालू करवाने के भरसक प्रयास किए जाएंगे। मुरैना सांसद अनूप मिश्रा द्वारा वीरपुर से भिंड के अटेर तक चंबल एक्सप्रेस की मांग के बारे में कहे जाने पर उन्होंने कहा कि इसके लिए केन्द्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से बात करेंगे। उन्होंने अगले शिक्षा सत्र से कैलारस में कालेज की व्यवस्था करने की भी घोषणा की। इस अवसर पर मप्र के स्वास्थ्य मंत्री रूस्तम सिंह, सांसद अनूप मिश्रा, विधायक सबलगढ़ मेहरबान सिंह, श्योपुर विधायक दुर्गालाल विजय, सुमावली विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार नीटू, जिलाध्यक्ष भाजपा अनूप भदौरिया महापौर अशोक अर्गल आदि मौजूद रहे।