ग्वालियर। कृषि कानूनों के समर्थन में अब भाजपा भी मैदान में है और किसानों को इसके फायदे बताने के लिए सीधा संवाद कर रही है। इसको लेकर आज ग्वालियर के फूलबाग मैदान पर आयोजित किसान सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि उन्हें कृषि कानूनों को लेकर किसी तरह के भ्रम में नहीं रहना चाहिए। यह कानून पूरी तरह से किसानों के हित में है और आने वाले समय में इनका फायदा दिखेगा। यह कानून किसानों की जिंदगी में बदलाव लाएंगे। इससे पहले उन्होंने विमानतल पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि नए कृषि कानून किसान के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन लाएंगे।

दूसरी ओर  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रीवा में रीवा-शहडोल संभाग के संभागीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि तीनों ही कृषि कानून किसान का हित संरक्षण करने वाले हैं। किसान अपनी उपज व्यापारी की मर्जी से औने-पौने दाम में बेचने पर मजबूर नहीं होगा। विपक्ष और कांग्रेस के लोग पीएम मोदी के विरोध में किसानों को भड़काकर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। यह कानून किसान को घर पर, खेत में या मंडी में कहीं भी अपनी फसल बेचने का अधिकार देने वाला है। इससे किसानों को होने वाला फायदा देख विपक्ष का दिल जलने लगा है और वह बरगलाने में जुट गया है।  इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी किसानों को संबोधित किया। किसानों को जागरुक करने के लिए आयोजित सम्मेलन ग्वालियर में भी हुआ जहां चंबल एवं ग्वालियर संभाग के किसान सम्मेलन को केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संबोधित किया। इंदौर के संभागीय किसान सम्मेलन को केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं मंत्री नरोत्तम मिश्रा एवं सागर के सम्मेलन को केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल एवं मंत्री गोपाल भार्गव ने संबोधित किया।

आज प्रदेश के 5 संभागीय मुख्यालयों में किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा विष्णुदत्त शर्मा इन सभी सम्मेलन स्थलों के लिए सहभागी बने। सीएम चौहान और प्रदेश अध्यक्ष शर्मा के संबोधन को ग्वालियर, इंदौर और सागर में लाइव किसानों को सुनाया गया।

केंद्रीय कृषि नरेंद्र सिंह तोमर और रास सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया आज दोपहर विशेष विमान से ग्वालियर पहुंचे। हवाईअड्डे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मीडिया से चर्चा करते हुए सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि संसद द्वारा पारित तीनों कृषि कानून किसानों को असली आर्थिक स्वतंत्रता दिलाने के लिए आए हैं। यह 21वीं सदी में किसानों को प्रगति की ओर ले जाएंगे। कृषि के क्षेत्र में नई क्रांति लाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने सूझबूझ के साथ इन कृषि कानूनों को लागू किया है। इन पर किसी को भ्रम नहीं होना चाहिए। उधर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि पूरे देश के किसान इन कानूनों का समर्थन कर रहे हैं। केवल पंजाब में ही विरोध देखने का मिल रहा है। उसके कई कारण हो सकते हैं, लेकिन भाजपा इन कानूनों को लेकर पूरे देश में जन जागरण अभियान चला रही है। यह कानून कृषि सुधार की दिशा में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *