भोपाल। मध्यप्रदेश में कोरोनावायरस और शिवराज सिंह सरकार के बीच संघर्ष शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह लगातार कोरोनावायरस को कमजोर साबित करने पर तुले हुए हैं और कोरोना वायरस हर रोज मध्यप्रदेश में अपनी शक्तिशाली मौजूदगी का एहसास करा देता है। पिछले 24 घंटे में 200 नए पॉजिटिव मामलों के साथ मध्यप्रदेश में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 10049 हो गई है।


163 डिस्चार्ज के सामने 200 पॉजिटिव 7 मौतें
बेकार से बेकार डाटा शीट में भी कुछ ना कुछ संतोषजनक जरूर होता है। संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं मध्य प्रदेश द्वारा जारी कोरोनावायरस मीडिया बुलेटिन दिनांक 10 जून 2020 (शाम 6:00 बजे तक) में भी कुछ ऐसा ही है। 2730 भर्ती मरीजों के सामने 6892 लोगों का अस्पताल से डिस्चार्ज होना अच्छा लगता है लेकिन 427 मरीजों की मौत सरकार की सफलता पर ताली बजाने से रोकती है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो 163 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया लेकिन उनके बदले 200 पॉजिटिव मामले दर्ज हो गए। दुखद यह है कि पिछले 24 घंटे में 7 मरीजों को कोरोनावायरस के इंफेक्शन के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी।
MADHYA PRADESH CORONA BULLETIN 10 JUNE 2020
पिछले 24 घंटे में 7150 सैंपल की जांच की गई जिसमें से 84 रिजेक्ट हो गए। 6950 नेगेटिव निकले लेकिन 200 पॉजिटिव पाए गए। यह औसत 2.79% है और संतोषजनक है। इसी के साथ मध्य प्रदेश में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 10049 हो गई है। मध्य प्रदेश के 14 जिलों में 100 से ज्यादा और 45 जिलों में 10 से ज्यादा संक्रमित मरीज दर्ज किए जा चुके हैं।