भोपाल। मध्यप्रदेश में इस बार गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में आत्मनिर्भर भारत की झलक दिखाई देगी। 26 जनवरी पर आयोजित समारोह पर कोरोना का असर नजर आएगा। कोरोना के चलते इस बार दस विभागों की एक झांकी तैयार की जाएगी।
मुख्य विषय आत्मनिर्भर भारत रखा जाएगा इसमें प्रमुख रूप से प्रदेश की विकासात्मक योजनाओं के प्रस्तुतिकरण एवं भारत के विकास में मध्यप्रदेश के योगदान को रेखांकित किया जाएगा। जो झांकियां तैयार होंगी उसमें विभाग आत्मनिर्भर भारत के लिए क्या किया जा रहा है यह बताएंगे। आत्मनिर्भरता की दिशा में पथ विक्रेताओं को दस हजार रुपए का कर्ज बांटा गया है उससे वे छोटे-छोटे काम कर रहे है। रोजगार से जुड़े है। उद्योगों और कारखानों में अन्य राज्यों से वापस लौटे मजदूरों, श्रमिकों, युवाओं को मध्यप्रदेश मे ही रोजगार मिल रहा है। मनरेगा से गांवों की तस्वीर बदल रही है। उद्योगों की रफ्तार किस तेजी से मध्यप्रदेश में बढ़ रही है। किन मामलों में मध्यप्रदेश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है यह सब झांकियों में देखने को मिलेगा। दस विभागों को एक झांकी में समाहित करने का निर्णय किया जाएगा।
उद्यानिकी विभाग की अभिनंदन झांकी होगी। वन विभाग और जनजातीय कार्य विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, अनुसूचित जाति विभाग, उद्योग और सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग, पर्यटन विभाग और संस्कृति विभाग, नगरीय प्रशासन विभाग, कृषि विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और नवीन एवं नवकरणीय उर्जा विभाग की एक झांकी तैयार की जाएगी।
इस वर्ष कक्षा एक से कक्षा आठ तक के बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम इस समारोह में शामिल नहीं किए जाएंगे। इसके अलावा वर्तमान कोविड 19 की परिस्थितियों के अनुसार झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शित झांकियों के दौरान कोविड 19 के लिए भारत सरकार एवं राज्य शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन भी मुख्य समारोह में किया जाएगा।