भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राज्य में 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनावों को लेकर बढ़ती बयानबाजी के बीच ‘गद्दारी’ को लेकर आज ट्वीट किया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिंह ने ट्वीट में लिखा है ‘लोकतंत्र के बही खाते में जो लोग कांग्रेस से गद्दारी कर 35-35 करोड़ रुपए में बिके, उन्हें जिन लोगों ने वोट दिए, उसमें से वोट देने वालों को उनका हिस्सा देना चाहिए।  

जब तक उन्हें उनका 35 करोड़ रुपए में से हिस्सा ना मिले, तब तक उन्हें वोट नहीं देना चाहिए।’ राज्य में 28 सीटों पर विधानसभा उपचुनाव हो रहे हैं, जिनमें से 25 सीट वे हैं, जहां पर 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के टिकट पर विजयी हुए नेताओं ने विधायक पद से त्यागपत्र देकर भाजपा का दामन थामन लिया है। अब यही प्रत्याशी भाजपा के टिकट पर उपचुनाव में मैदान में हैं।  

इन नेताओं के विधायक पद से त्यागपत्र देने के कारण पंद्रह वर्षों बाद दिसंबर 2018 में सत्ता में आयी कांग्रेस की सरकार का इस वर्ष मार्च माह में पतन हो गया। इसके चलते तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ को 20 मार्च को त्यागपत्र देना पड़ा था। इस घटनाक्रम के बाद से कांग्रेस नेता आरोप लगा रहे हैं कि तत्कालीन कांग्रेस विधायक रुपए लेकर बिक गए, जबकि भाजपा नेता आरोप लगाते हैं कि कांग्रेस नेता स्वयं ही अपने विधायकों को नहीं संभाल पाए और इस वजह से उनकी सरकार गिर गयी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *