ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर को पौधारोपण कर हरा भरा रखने के लिए ग्वालियर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के बीच होड़ शुरू हो गई है। एक माह में कलेक्टर व ग्वालियर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) पुलिस को जहां जगह मिली वहीं पौधा रोप दिया जाता है। उनके पास जो भी व्यक्ति फरियाद लेकर आया उसे भी अपने इस अभियान में जोड़ लिया और मदद करने से पहले उससे वृक्षारोपण करवाया। इतना ही नहीं जिला व पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अफसरों ने खुद तो इस अभियान में जुटे ही हुए हैं साथ मातहतों को भी इसमें बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने टास्क दे दिया है।

पौधरोपण पर लोगों को जागरुक करने और पर्यावरण संरक्षण पर काम कर लोगों उत्साहित करने के लिए पुलिस महकमे की ओर से आईजी ग्वालियर राजाबाबू सिंह ने कमान संभाली है। हाल ही के कुछ दिन में उन्होंने एक हजार से ज्यादा पौधे रोपे जाने में अहम भूमिका निभाई है। जिला प्रशासन की ओर से पौधा रोपण में खुद मुखिया कलेक्टर अनुराग चौधरी ने कमान संभाली है। उन्होंने बीते एक महीने में पर्यावरण के लिए काफी काम किया है। शहर के आसपास पहाडियों पर पौधरोपण कर सभी को संदेश दिया है कि वह अपना भविष्य कैसे सुरक्षित कर सकते हैं।

कलेक्टर अनुराग चौधरी का कहना है कि जन्म से लेकर आखरी समय तक हम प्रकृति का दोहन करते है और प्रकृति से मिलने वाली हवा, पानी और भोजन से ही हमारा अस्तित्व है। हम एक दाना प्रकृति की गोद में देते है तो प्रकृति हमें कई गुना ज्यादा वापस करती है। इस सीजन में हम एक लाख पौधरोपण कर रहे है। इसके लिए पचास हजार गड्ढे तैयार है। बारिश होते ही इन्हे लगा दिया जाएगा।

आईजी ग्वालियर जोन राजाबाबू सिंह का कहना है कि हम अपने बच्चों के लिए दिन रात मेहनत कर संपति जोड़ते है, क्या कभी सोचा है कि प्रकृति का अंधाधुंध दोहन कर हम उन्हें कैसा भविष्य सौंप रहे है। अगर हमें आने वाली पीढ़ी के लिए कुछ करना है तो आज से ही हमें पर्यावरण के लिए इस अभियान में जुडना होगा। तब ही हम आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ माहौल देंगे। शुक्रवार को जिला पुलिस के साथ ही प्रबुद्ध नागरिक शहर के आस-पास की पहाडियों पर एक लाख सीड्स बॉल छिडकाव करेंगे। जो आने वाले समय में इन पहाडियों को हरा भरा करेगी।
वृक्ष लगाओ-जीवन बचाओं अभियान के तहत शुक्रवार को ठाटीपुर स्थित एएसपी कार्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर आईजी राजाबाबू सिंह, डीआईजी ए.के. पाण्डे, एसपी नवनीत भसीन, एएसपी पंकज पाण्डे व दाताबंदी छोड के बाबा लक्खा सिंह ने पौधारोपण किया। इस मौके पर आईजी ने बताया कि ग्वालियर जिलें मे 1 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को सभी के सहयोग से पूरा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *