खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन में डायन होने की आशंका में आरोपी भोमला उर्फ विक्रम पिता मनु निवासी बोम्या ने महिला की हत्या की थी। बोम्या में 28 नवंबर को लक्ष्मीबाई पति रमेश वास्कले की हत्या हुई थी। महिला के घर के आसपास रहने वाले भोमला ने महिला के सिर पर फावडा मारकर हत्या की थी। आरोपी ने बताया उसकी पत्नी व बेटी हमेशा बीमार रहते हैं। वहीं एक महीने पहले उसका भाई पेड से गिरकर घायल हो गया था। इसके चलते उसे महिला पर टोटके किए जाने की आशंका थी। सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम पर एसपी डीआर तेनीवार ने मामले का खुलासा किया।
जांच के दौरान पुलिस ने शव के पास सेफ्टी पिन, बाल, गमछा व अन्य सामग्री जब्त की थी। मृतका के घर पर विभिन्न स्थानों से फिंगर प्रिंट भी लिए थे। वहीं मुखबिर ने सूचना दी थी कि 28 नवंबर की सुबह 11 बजे के आसपास आरोपी महिला के घर के पास दिखा था। दोपहर 12 बजे के आसपास महिला की हत्या हुई थी। इसके बाद उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने महिला की हत्या करना कबूल किया। उसके कब्जे से फावडा व खून से सने कपडे जब्त किए हैं। वहीं घटना दिनांक को गांव में पगडी का कार्यक्रम था। इसमें बकरों की बली दी गई थी।
आरोपी ने सोचा था कि कपडों पर खून देखकर कोई पूछताछ करेगा तो वह बकरे की बली देने के दौरान कपडों पर खून लगना बता देगा। बावजूद वह पुलिस गिरफ्त में आ गया। एसपी ने टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की है।