गुना ! मध्य प्रदेश के गुना जिले में वन भूमि पर अतिक्रमण में सहयोग करने के एवज में किसान से 20 हजार रुपये की घूस लेते हुए डिप्टी रेंजर चंद्रभान सिंह रघुवंशी को लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को रंगे हाथों पकड़ा है। लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बम्होरी तहसील क्षेत्र के किसान संतोष धाकड़ ने शिकायत की थी कि वन भूमि पर अतिक्रमण करने के एवज में डिप्टी रेंजर रघुवंशी ने डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इस रकम की पहली किश्त के तौर पर 20 हजार रुपये मांगे हैं।
किसान धाकड़ की ओर से की गई शिकायत की पुष्टि के बाद शुक्रवार को लोकायुक्त पुलिस का दल अतुल सिंह के नेतृत्व में ग्वालियर से बम्होरी पहुंचा। सिंह ने आईएएनएस को बताया कि धाकड़ ने 20 हजार की रिश्वत रघुवंशी को सौंपी। रघुवंशी ने यह रकम पान की दुकान का संचालन करने वाले को और उसने एक अन्य व्यक्ति को घूस की राशि सौंप दी। तीनों को लोकायुक्त के दल ने गिरफ्तार कर लिया और रिश्वत की रकम बरामद की। तीनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
