एमपी के जबलपुर में अपने पति सुनील ठाकुर की तलाश करते हुए दुबई से आई महिला अश्विंदर कौर अब सतना पहुंच गई है. जहां पर महिला ने पुलिस थाना पहुंचकर मुलाकात की. इस दौरान उसने बताया कि करीब एक वर्ष पहले जबलपुर के मढ़ाताल स्थित गुरुद्वारा में परिजनों की उपस्थिति में शादी की थी. इसके बाद वे दुबई चले गए. इस बीच उनके पति अचानक दुबई से भारत लौट आए है, इसके बाद कोई संपर्क नहीं हो रहा है.

महिला अश्विंदर कौर ने बताया कि वर्ष 2020 से सुनील ठाकुर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. दोनों के रिश्ते के बारे में सुनील व उसके परिवार के सदस्यों को जानकारी थी. हमने 23 फरवरी 2025 को जबलपुर के मढ़ाताल (सिविक सेंटर) स्थित गुरुद्वारे में शादी की थी. शादी उनके रिश्तेदारों और अन्य लोगों की मौजूदगी में हुई थी. अब वह दुबई से यहां आ गए हैं. मैं उन्हें जबलपुर और सतना में ढूंढ रही हूं. पत्नी ने बताया कि मुझे पता चला है कि वह सतना में अपनी बहन के घर आए हुए हैं. उनकी मां सुनीता रोरा, जो मेरी सास हैं, भी यहां आई हुई हैं. उन्हें वहां छिपाकर रखा गया है. मुझसे मिलने नहीं दिया जा रहा है.

उनका कहना है कि मेरे साथ नहीं रहना है और उन्हें यहां जबरदस्ती लेकर आई हैं. पत्नी का कहना है कि मैं अभी पुलिस स्टेशन शिकायत दर्ज कराने आई हूं. मैं दुबई से यहां उन्हें ढूंढते हुए आई हूं. मैं उनकी कानूनी रूप से विवाहित पत्नी हूं और चाहती हूं कि पुलिस इस मामले में मेरी मदद करे और उचित कार्रवाई करे. महिला अश्विंदर ने बताया कि मेरी उम्र उनसे 12 साल ज्यादा है, इसके बावजूद उन्होंने मुझसे शादी की. मैं नवंबर 2020 से उनके साथ हूं. हमारी शादी 2025 में हुई, लेकिन 2020 से हम दुबई में साथ में रह रहे थे. मुझे मध्यप्रदेश पुलिस और प्रशासन से उम्मीद है कि मुझे न्याय मिलेगा.

पहले जबलपुर में भी करती रही तलाश-

पुलिस अधिकारियों को महिला अश्विंदर ने बताया कि पहले वह जबलपुर पहुंची और पति की तलाश में इधर से उधर भटकती रही, इस दौरान खबर मिली कि पति सुनील सतना में अपनी बहन के घर आए हैं तो वह यहां पहुंच गई. सतना में भी अपने स्तर पर तलाश की जब कोई जानकारी नहीं मिली तो महिला थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों को अपनी व्यथा सुनाई.