222222भोपाल ।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि देश और प्रदेश के लिए अनुशासित, देशभक्त और कर्त्तव्यनिष्ठ नागरिक तैयार करने के लिए नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) में कैडेट की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता है। इसके लिए राज्य सरकार नेशनल कैडेट कोर निदेशालय के साथ मिलकर कार्य-योजना बनाएगी।

चौहान आज यहाँ मुख्यमंत्री निवास पर राष्ट्रीय कैडेट कोर के केडेट्स के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इन कैडेट्स ने गणतंत्र दिवस शिविर 2017 में भाग लेकर अखिल भारतीय स्तर पर पाँचवां स्थान प्राप्त किया। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय कैडेट कोर निदेशालय द्वारा चयनित 118 कैडेट में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कैडेट शामिल है। मुख्यमंत्री ने सभी गतिविधियों में प्रथम आने पर मुख्यमंत्री ध्वज और ट्राफी रायपुर समूह को प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली बच्चों की पढ़ाई का खर्चा सरकार उठाएगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर मिलना चाहिए। एन.सी.सी. और राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी देश-प्रेम का पाठ सीखते हैं। वे भविष्य गढ़ने का काम करते है। उन्होंने कहा कि बेटियों को भी ज्यादा से ज्यादा संख्या में एन.सी.सी. में भाग लेना चाहिए। सरकारी सेवाओ में उन्हें 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है।

कैडेट्स का सम्मान

मुख्यमंत्री ने विभिन्न गतिविधियों में प्रथम आने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया। उन्होंने बालिका कैडेट अनुदेशक सरोज बोरीवाल सहित एयर स्कवाड्रन की कैडेट सुनिधि चौहान, नेवल स्कवाड्रन के कैडेट वरूणस्वामी एवं आर.एण्ड स्कवाड्रन के कैडेट अनिल जैन का उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये अभिनंदन किया। इस वर्ष अक्टूबर माह में भारत में जूनियर फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप-2017 का आयोजन हो रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री जी ने फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिए कैडेटों को एक-एक फुटबॉल भेंट की।

इस अवसर पर कैडेट्स ने कर्णप्रिय समूह गान एवं मनोहारी नृत्य प्रस्तुत किया। एनसीसी अपर महानिदेशक मेजर जनरल ए. के. सप्रा, आयुक्त उच्च शिक्षा एम. बी. ओझा, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह चौहान उपस्थित थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *