भारत में लॉकडाउन खुलने के 13 दिन बाद कोरोना का संकट लगातार बढ़ता जा रहा है। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के सबसे ज्यादा 11 हजार 929 नए मामले सामने आए, जबकि इस दौरान 311 की मौत हुई है। इसी के साथ अब संक्रमितों की संख्या 3 लाख 20 हजार 922 तक पहुंच चुकी है। साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 9 हजार 195 हो गई है।
देश में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों की बात की जाए, तो महाराष्ट्र में हालात काफी खराब हैं। यहां लगातार तीसरे दिन तीन हजार से ज्यादा संक्रमित मिले हैं। इसी के साथ राज्य में अब पीड़ितों की संख्या 1 लाख 4 हजार पर पहुंच गई है। वहीं, 24 घंटे में 113 नई मौतों के साथ अब मृतकों की संख्या 3830 हो गई है। देश के कुल मौतों और संक्रमितों में एक-तिहाई से ज्यादा हिस्सा महाराष्ट्र का ही है।
संक्रमित राज्यों में दूसरा नंबर तमिलनाडु का है, जहां एक दिन में 1989 नए संक्रमित पाए गए हैं। इसी के साथ राज्य में अब पीड़ितों का आंकड़ा 42 हजार 687 हो गया है। तीसरे नंबर पर 38 हजार 958 केसों के साथ दिल्ली है। हालांकि, अगर तमिलनाडु और दूसरे राज्यों में मौत की तुलना की जाए, तो तमिलनाडु के हालात काफी बेहतर हैं। चौथे नंबर पर गुजरात की 1449 और तीसरे नंबर पर दिल्ली में 1271 मौतों के मुकाबले तमिलनाडु में 397 लोगों की जान गई है।
फिलहाल भारत के लिए एक सुकून देने वाली खबर यह है कि अब तक कुल मरीजों में से करीब 50 फीसदी यानी 1 लाख 62 हजार 326 लोग ठीक हो कर घर लौट चुके हैं। पिछले 24 घंटे में ही करीब 8 हजार मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। देश में एक्टिव केसों की संख्या 1 लाख 50 हजार है।