कानपुर, 20 नवंबर। पटना-इंदौर एक्सप्रेस के 14 डिब्बे रविवार तड़के पटरी से उतर गए। इस घटना में 45 लोगों की मौत हो गई।
ट्रेन इंदौर से पटना जा रही थी। कई यात्री अब भी बोगियों में फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने का काम तेजी से चल रहा है।
प्राप्त समाचार के मुताबिक रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा हालाज का जायजा लेने के लिए घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना कानपुर में पुखराया स्टेशन के पास तड़के तीन बजे के बाद हुई।
अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि इस बारे में उन्होंने रेल मंत्री सुरेश प्रभु से बात की है, जो इस पर अपनी नजर बनाए हुए हैं।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे पर दुख जताते हुए ट्वीट किया है।
रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने ट्विटर पर बताया कि मौके पर राहत कार्य चल रहा है। मेडिकल और जरूरी मदद भेज दी गई है और मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।