असम की राजधानी गुवाहाटी से एक बेहद दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद उसके शव के टुकड़े कर दिए और उन्हें फ्लैट के अंदर फ्रिज में छिपा दिया। यह मामला गुवाहाटी के हाटीगांव थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जिस अपार्टमेंट में यह दंपती रहता था, वहां से पिछले कुछ दिनों से तेज बदबू आ रही थी। आसपास रहने वाले लोगों को जब शक हुआ तो उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी।

कुछ महीने पहले ही हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 30 वर्षीय रामानुज गोस्वामी के तौर पर हुई है। मृतका का नाम 25 वर्षीय रिया तालुकदार बताया गया है। जानकारी के मुताबिक, रामानुज और रिया की शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी। दोनों गुवाहाटी के हाटीगांव इलाके में स्थित एक अपार्टमेंट में साथ रहते थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि दंपती पिछले करीब दो दिनों से दिखाई नहीं दे रहे थे। इसके अलावा उनके मोबाइल फोन भी बंद आ रहे थे। इसी दौरान फ्लैट से लगातार बदबू आने लगी, जिसके बाद लोगों का शक और बढ़ गया।

दरवाजा तोड़कर फ्लैट में दाखिल हुई पुलिस
सूचना मिलने के बाद हाटीगांव पुलिस मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो दरवाजा तोड़कर पुलिस टीम अंदर दाखिल हुई। फ्लैट के अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। वहां एक महिला का कटा हुआ शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव की पहचान रिया तालुकदार के रूप में की।
बताया जा रहा है कि शव काफी समय से पड़ा होने के कारण सड़ने लगा था और फ्लैट के अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी।

शव से सिर गायब था, फ्रिज में मिला
पुलिस की जांच के दौरान सामने आया कि महिला के शव से उसका सिर गायब था। इसके अलावा उसकी कुछ उंगलियां भी आधी कटी हुई थीं। इसके बाद पुलिस ने पूरे फ्लैट की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस को घर में रखे फ्रिज से एक पॉलिथीन बैग मिला। पुलिस के मुताबिक, इसी बैग के अंदर रिया का कटा हुआ सिर रखा हुआ था। इस बरामदगी के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

शव और सिर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
पुलिस ने महिला के शव और बरामद किए गए सिर को कब्जे में ले लिया है। दोनों को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारण और मौत से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

हत्या के बाद फरार था पति
पुलिस की शुरुआती जांच में पति रामानुज गोस्वामी पर पत्नी की हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद वह कथित तौर पर फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच आरोपी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी से पूछताछ जारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की वजह क्या थी, वारदात कब हुई और शव के साथ इस तरह की हरकत क्यों की गई। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।