ग्वालियर। भिण्ड जिला प्रशासन परीक्षाओं में नकल माफिया को पूरी तरह समाप्त कर बच्चों को पढकर आगे बढने के लिए तत्पर है वहीं शिक्षा माफिया नकल कराने से बाज नहीं आ रहा है। यही कारण है कि इतनी सख्ती के बाद भी 71 परीक्षार्थी नकल करते पकडे गए। जैन महाविद्यालय में जिन निजी कॉलेजों का परीक्षा केन्द्र रखा गया है उन्हीं के शिक्षकों की परीक्षा कक्षों में ड्यूटी लगा दिए जाने से भिण्ड कलेक्टर इलैया राजा टी चैकिंग के दौरान भडक गए। कलेक्टर ने जैन महाविद्यालय में महाकाल कॉलेज का परीक्षा सेंटर है जहां उसी कॉलेज के प्रोफेसरों को वीक्षक के तौर पर ड्यूटी लगाई गई थी। कलेक्टर ने वीक्षक प्रमिला त्रिपाठी और दीपू शर्मा को नौकरी से निकालने का नोटिस दिया हैं। नकल रोकने में लापरवाही करने पर जैन कॉलेज के प्राचार्य यूके कोठारी का भीे नोटिस दिया गया है।
बीएससी 5वें सेमेस्टर की परीक्षा में 2 वीक्षकों पर कार्यवाही के बाद जैन कॉलेज के प्राचार्य यूके कोठारी ने निजी कॉलेजों से आए 10 वीक्षकों को हटा दिया है। कोठारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर अगली परीक्षा के लिए 14 वीक्षकों की मांग की है।
लीड कॉलेज के प्राचार्य डॉं. केशव सिंह यादव ने बताया कि बीएससी 5वें सेमेस्टर के कल हुए पेपर में भिण्ड जिले में 71 नकलची छात्र पकडे गए थे। पेपर शिवपुरी में लीक हो जाने पर यूनिवर्सिटी ने पेपर को निरस्त कर दिया है। अब यह पेपर 27 फरवरी को होगा।
कलेक्टर इलैया राजा टी ने कहा है कि नकल पर हरहाल में रोक लगेगी। जो वीक्षक नकल कराने में संलिप्त पाया गया या उनके परीक्षा कक्ष में नकल पाई गई तो पर्यवेक्षकों को जेल भेजा जाएगा।
