भोपाल। पुलिस मुख्यालय की प्रशिक्षण शाखा अब महिला अफसरों के हवाले हो गई है। प्रशिक्षण शाखा के दो प्रमुख पदों पर दो महिला आईपीएस अफसर तैनात हो गई है। वहीं राज्य पुलिस सेवा की भी एक महिला अफसर यहां पर पदस्थ हैं।
प्रदेश पुलिस में अफसरों से लेकर कर्मचारियों तक को कैसी ट्रैनिंग दी जाए। किन-किन आईपीएस और राज्य पुलिस सेवा के अफसरों को ट्रैनिंग पर प्रदेश के बाहर कब भेजा जाए, जैसे निर्णय अब प्रदेश पुलिस के दो बड़े पदों पर पदस्थ महिला अफसर लेंगी। प्रशिक्षण शाखा में पिछले साल एडीजी अनुराधाशंकर सिंह को पदस्थ किया गया था। इसके बाद मंगलवार को यहां पर स्पेशल डीजी के रूप में अरुण मोहन राव की पदस्थापना कर दी गई। वे यहां पर स्पेशल डीजी पवन जैन की जगह लेंगी। पवन जैन को संचालक खेल बनाया गया है।
दोनों ही महिला आईपीएस अफसरों के हाथ में अब प्रशिक्षण शाखा की कमान होगी। 1987 बैच की आईपीएस अफसर अरुणा मोहन राव हाल ही में स्पेशल डीजी के पद पर पदोन्नत हुई हैं। वहीं अनुराधा शंकर सिंह 1990 बैच की आईपीएस अफसर हैं। इन दोनों अफसरों के अलावा यहां पर राज्य पुलिस सेवा की भी एक महिला अफसर पदस्थ हैं। निमिषा पांडे यहां पर एआईजी के रूप में पदस्थ हैं। इन तीनों अफसरों के हाथ में ही मुख्य रूप से इस शाखा की कमान होगी।
करीब दो साल पहले प्रशासन की भी कमान महिला आईपीएस अफसरों पर थी। इस दौरान यहां पर एडीजी अनुराधा शंकर सिंह थी। जबकि मीनाक्षी शर्मा यहां पर आईजी थी। इस दौरान एआईसी राज्य पुलिस सेवा की इमरीन शाह यहां पर पदस्थ थी। बाद में अनुराधा शंकर सिंह का तबादला प्रशिक्षण में हो गया। मीनाक्षी शर्मा प्रतिनियुक्ति पर केंद्र में चली गई थी और इमरीन शाह का तबादला लोकायुक्त संगठन में हो गया था।