ग्वालियर। लोकायुक्त पुलिस ने फिजीकल चौकी पर पदस्थ एक प्रधान आरक्षक प्रताप सिंह रघुवंशी को एक फरियादी अनिल त्रिपाठी की शिकायत पर आठ हजार रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड लिया है। लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्ट्राचार की धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त अमित सिंह ने बताया कि फिजीकल चौकी पर पदस्थ प्रधानआरक्षक प्रताप सिंह रघुवंशी ने एक फरियादी अनिल त्रिपाठी से उसकी शिकायत पर कार्रवाई ना करते हुए २५००० रूपए रूपए की रिश्वत मांगी थी। अनिल का उसके मकान मालिक से झगडा था। वहीं मकान में आग लगने से उसकी बंदूक सहित अन्य सामान जल गया था। उसे वापस लेने के लिए प्रधान आरक्षक प्रताप सिंह ने २५००० की रिश्वत मांगी थी। इसमें से १६ हजार रूपए उसे पहले ही दिए जा चुके थे शेष रकम ८००० रूपए आज जैसे ही प्रधान आरक्षक को दिए वैसे ही लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी प्रधान आरक्षक को धर दबोचा। लोकायुक्त पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।