ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के लहार कस्बे में कल देर रात दो बार फायरिंग हुई। पुलिस ने भाजपा के पूर्व विधायक रसाल सिंह के भाई योगेंद्र सिंह एवं भतीजे धीरेंद्र सिंह और पप्पू राजपूत सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को आज सुवह तड़के बड़ी कार्रवाई करनी पड़ी। पड़ोसी के घर में घुसकर पुलिस ने छत से कूदकर इन्हें गिरफ्तार किया।
भिण्ड जिले के लहार में कल रात बृजेंद्र भदौरिया एवं अंकुर दुबे मित्र के घर भोजन करके लौट रहे थे तभी धीरेंद्र सिंह और छोटू राजपूत ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी। उन्हें जान से मारने की कोशिश की, लेकिन वह भागकर थाने पहुंच गए जहां उन्होंने रात एक बजे इन दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। एफआईआर दर्ज कराकर लौट रहे थे तभी पेट्रोल पंप के पास घात लगाकर खड़े रसाल सिंह के भाई योगेंद्र सिंह पप्पू उनके दोनों बेटे धीरेंद्र और छोटू कुछ अज्ञात लोगों के साथ खड़े थे। जैसे ही बृजेंद्र भदौरिया, जय प्रताप सिंह वहां से निकले तो उन्होंने फिर से इनके वाहन पर फायरिंग की। रात 2 बजे की इस घटना के बाद लहार कस्बे में दहशत का माहौल हो गया। रसाल सिंह के तमाम विरोधी थाने पहुंच गए। रात 2 बजे फिर से इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक रूडोल अल्वारेस ने अतिरिक्त पुलिस बल भेजकर योगेंद्र पप्पू के घर को चारों ओर से घेरा। घर के बाहर और अंदर ताले लगे थे। पुलिस ने पड़ोसी के मकान में घुसकर छत से छलांग लगाई और योगेंद्र पप्पू, धीरेंद्र सिंह, छोटू राजपूत सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।