नई दिल्ली: देश और दुनिया में बढ़ते तनाव के कारण कई जगह लोगों को गैस सिलेंडर की कमी का डर सताने लगा है। इसी वजह से बड़ी संख्या में लोग एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग कराने की कोशिश कर रहे हैं। आमतौर पर लोग फोन कॉल के जरिए गैस सिलेंडर बुक करते हैं, लेकिन इन दिनों ज्यादा कॉल आने की वजह से कई लोगों को बुकिंग करने में परेशानी हो रही है। कुछ जगहों पर गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें भी लग रही हैं।
अगर आपकी रसोई गैस खत्म होने वाली है और फोन कॉल के जरिए बुकिंग नहीं हो पा रही है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आप कुछ अन्य आसान तरीकों से भी घर बैठे मिनटों में गैस सिलेंडर बुक कर सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 4 आसान तरीके।
1. WhatsApp से करें गैस सिलेंडर बुकिंग
आजकल गैस कंपनियां व्हाट्सऐप के जरिए भी बुकिंग की सुविधा दे रही हैं। इसके लिए आपको अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से मैसेज भेजना होगा। इंडेन (Indane) गैस के ग्राहक 7588888824 नंबर पर व्हाट्सऐप में “REFILL” लिखकर भेज सकते हैं। HP Gas के ग्राहक 9222201122 नंबर पर “Hi” या “Book” लिखकर मैसेज भेज सकते हैं। भारत गैस (Bharat Gas) के ग्राहक 1800224344 नंबर पर “Hi” या “Book” लिखकर मैसेज भेज सकते हैं। मैसेज भेजने के बाद आपको बुकिंग से जुड़ी जानकारी मिल जाएगी।
2. SMS के जरिए भी कर सकते हैं बुकिंग
अगर व्हाट्सऐप इस्तेमाल नहीं करते हैं, तो SMS के जरिए भी सिलेंडर बुक किया जा सकता है। इंडेन (Indane) के ग्राहक अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 7718955555 पर “REFILL” लिखकर SMS भेज सकते हैं। भारत गैस (Bharat Gas_ के ग्राहक 7715012345 या 7718012345 नंबर पर “LPG” लिखकर SMS भेज सकते हैं। SMS भेजने के बाद आपकी बुकिंग दर्ज हो जाएगी और इसकी जानकारी मैसेज के जरिए मिल जाएगी।
3. मिस्ड कॉल से भी बुक करें सिलेंडर
कई गैस कंपनियां मिस्ड कॉल के जरिए भी सिलेंडर बुक करने की सुविधा देती हैं। Indane के ग्राहक 8454955555 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर सिलेंडर बुक कर सकते हैं। एचपी गैस (HP Gas) के ग्राहक 9493602222 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर बुकिंग कर सकते हैं। मिस्ड कॉल देने के बाद आपको बुकिंग कन्फर्मेशन का मैसेज मिल जाता है।
4. मोबाइल ऐप से भी हो जाएगी बुकिंग
अगर ऊपर दिए गए तरीके काम नहीं कर रहे हैं, तो आप मोबाइल ऐप की मदद से भी गैस सिलेंडर बुक कर सकते हैं। इसके लिए UMANG ऐप के अलावा Paytm, PhonePe और Amazon Pay जैसे डिजिटल पेमेंट ऐप्स का इस्तेमाल किया जा सकता है। इन ऐप्स में LPG बुकिंग का विकल्प होता है, जहां से कुछ ही मिनटों में सिलेंडर बुक किया जा सकता है। इस तरह अगर फोन कॉल के जरिए बुकिंग नहीं हो रही है तो इन आसान तरीकों से आप बिना लाइन में लगे घर बैठे गैस सिलेण्डर बुक कर सकते है।
