ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के बरई में पंच कल्याणक महोत्सव 6 दिसंबर से आयोजित होगा। महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में चल रही हैं। यहां श्रद्धालुओं के बैठने के लिए 25 हजार वर्ग फीट में पंडाल लगाया गया है। इसके अलावा तीन मंच बनाए गए हैं, जिनमें एक मंच पर प्रतिष्ठित होने वाली प्रतिमाएं रखी जाएंगी। दूसरे मंच पर मुनि-आर्यिका विराजित होंगे। तीसरे मंच पर पंच कल्याणक महोत्सव की क्रियाएं सम्पन्न होंगी।
बरई के जिनेश्वरधाम में 6 से 12 दिसंबर तक भगवान ऋषभदेव जिनबिंब पंच कल्याणक एवं प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें 101 प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। बरई के जिनेश्वरधाम में पंच कल्याणक महोत्सव की शुरुआत 6 दिसंबर को सुबह घटयात्रा, ध्वजारोहण और मंडप शुद्धि के साथ होगी। शाम को गर्भ कल्याणक की क्रियाएं होंगी। पंच कल्याणक के मुख्य संयोजक पारस जैन ने बताया कि प्रतिष्ठाचार्य पं. अजित कुमार जैन शास्त्री के निर्देशन में प्रतिष्ठाचार्य पं. अशोक शास्त्री, सह प्रतिष्ठाचार्य प. सम्मेद अजित उपाध्येय, पं. सन्मति अजित उपाध्येय, पं. रविंद्र सुधाकर उपाध्येय और पं. रूपेश चिंतामणि उपाध्येय जैन प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की क्रियाएं सम्पन्न कराएंगे।
मीडिया प्रभारी ललित जैन ने बताया कि विभिन्न स्थानों से पंच कल्याणक में शामिल होने आ रहे मुनि संघों के पदविहार में समाज के युवा सहयोग कर रहे हैं। इनमें दिगंबर जैन जागरण युवा मंच ग्वालियर के महेंद्र जैन, भूपेश जैन, नीरज जैन, मनोज जैन, आकाश जैन आदि के अलावा राष्ट्रीय विराग युवा मंच, मुरैना जैन समाज के सदस्य शामिल हैं।
जिनेश्वरधाम ट्रस्ट के महामंत्री चौ. वीरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि पंचकल्याणक महोत्सव के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए आयोजन समिति द्वारा निजी स्तर पर 10 सशस्त्र सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। साथ ही पुलिस प्रशासन द्वारा तीन स्तर पर 25 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
गुरुवार से मुनिसंघों का बरई में आगमन शुरू हो जाएगा। गुरुवार को मुनिश्री विहसंत सागर महाराज, मुनिश्री विश्वसूर्य सागर महाराज और मुनिश्री संस्कार सागर महाराज ससंघ जिनेश्वरधाम पहुंच जाएंगे। पंचकल्याणक महोत्सव में आचार्यश्री विशुद्ध सागर महाराज सहित 50 से अधिक मुनि-आर्यिका शामिल होंगे। आचार्यश्री विशुद्ध सागर महाराज बुधवार को ससंघ बानमौर पहुंच गए। गुरुवार को आहारचर्या के बाद मुनिसंघ ग्वालियर की ओर पदविहार करेगा।