भोपाल। राज्य सरकार द्वारा परिवहन माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन के तहत चिह्नित किए गए बडे बकायादार न्यू रॉयल स्टार ट्रांसपोर्ट की बस मंगलवार को पकडे जाने पर खासा हंगामा हो गया। कंपनी के मालिक, ड्राइवर और उनसे जुडे लोगों ने उडनदस्ते के उप निरीक्षक के साथ गाली गलौच की और धक्का-मुक्की कर जब्त बस को यात्रियों सहित छुडाकर ले भागे। बाद में देवास रूट पर बीएनपी थाने की पुलिस द्वारा की गई घेराबंदी के बाद बस को जब्त कर लिया गया।
आरटीओ संजय तिवारी और उडनदस्ता प्रभारी टीपीएस भदौरिया की टीम द्वारा मंगलवार को वाहन चैंकिंग की जा रही थी। इस दौरान उप निरीक्षक विक्रम सिंह के साथ तैनात उडनदस्ते ने कलेक्टोरेट के पास से जा रही न्यू रॉयल स्टार ट्रांसपोर्ट की इंदौर जा रही बस एमपी-08 पी 0951 को रोका था। कोहेफिजा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 343,353,294 एवं 34 के तहत प्रकरण दर्ज कराया है।
इस ट्रांसपोर्ट की छह बसों पर 51 लाख से ज्यादा का टैक्स बकाया है। चैकिंग में परमिट शर्तों के उल्लंघन, गलत रूट, ओवर लोडिंग के साथ मौके पर कोई दस्तावेज भी नहीं मिले। बस को जब्त कर सैनिक सुरक्षा के साथ रवाना किया गया। इसी दौरान स्वयं को न्यू रायल स्टार का मालिक बताने वाले अनीस एवं उसके साथियों ने रास्ते में उप निरीक्षक व स्टाफ के साथ गाली गलौच, धक्का-मुक्की कर बदसलूकी की। इसके बाद ड्राइवर नावेद मंसूरी के साथ अनीस एवं उसके साथी यात्री सहित बस को भगाकर ले गए, जिसे देवास में जब्त कर लिया गया।
ट्रांसपोर्ट कमिश्नर की सख्ती के चलते हर ट्रांसपोर्टर को सभी गाडियों का वकाया टैक्स एक साथ जमा करना होगा। इसी नियम के चलते इस ट्रांसपोर्टर की सभी बसों को जब्त करने के आदेश छह जनवरी को ही आरटीओ ने उडनदस्ता प्रभारी को दिए थे। उसी आदेश के तहत यह कार्रवाई की गई है।
