इंदौर. इंदौर के ब्रजेश्वरी एनेक्स में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है, जिसमें छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। आग मकान के सामने वाले हिस्से में लगी, जिससे परिवार के सदस्य बाहर नहीं निकल पाए और अंदर ही फंस गए। यह हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार, यह घटना ब्रजेश्वरी एनेक्स निवासी मनोज पुगलिया के घर में हुई। बंगले की तल मंजिल पर कार चार्ज हो रही थी, इसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क गई। परिवार के अधिकांश सदस्य ऊपरी मंजिल पर थे, जो नीचे नहीं आ सके। इस बीच घर में रखी गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गया और उसमें विस्फोट हो गया। इस हादसे में मनोज पुगलिया सहित कुल छह लोगों की मौत हो गई।

इंदौर के कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि बुधवार तड़के साढ़े तीन बजे से साढ़े चार बजे के बीच आग लगी थी। दमकल और प्रशासन की टीमें बचाव अभियान में लगी हुई है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया है, लेकिन छह लोगों की मौत हो गई है। बिल्डिंग की दो मंजिलों को खाली करा लिया है, अभी एक और मंजिल की जांच की जा रही है।