भोपाल ! छेड़छाड़ के पुराने मामले में आरोपी भाजपा कार्यकर्ता के खिलाफ अदालत में गवाही देना भारी पड़ गया। गवाही से नाराज आरोपी बदमाश ने अपने आधा दर्जन से अधिक साथियों के साथ महिला और उसके पति को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया और घर में भी तोडफ़ोड़ की। इतना ही नहीं आरोपियों ने कल दोपहर से रात ग्यारह बजे के बीच तीन बार उत्पात मचाया, लेकिन पुलिस आरोपी को नहीं पकड़ पाई। घटना अयोध्या नगर थाने के अर्जुन नगर की है।
पुलिस के अनुसार शकुन लोधी पति धन सिंह लोधी अर्जुन नगर में रहती हैं। कल दोपहर 1 बजे बदमाश दीपक खटीक, ने अपनी मां, शारदा बाई व संतोष सेन व तीन-चार अन्य के साथ शकुन बाई के घर पहुंचा और यहां मौजूद शकुन व धन सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में शकुन के सिर में एक दर्जन टाकें आए हैं। वहीं धन सिंह का एक पैर टूट गया है। आरोपी दीपक ने इतने पर ही बस नहीं किया, बल्कि रात नौ बजे छेड़छाड़ के एक अन्य गवाह राहुल साहू पर ड्यूटी से घर लौटते वक्त अपने साथी संतोष, विवेक, सचिन, आकाश, सत्येन्द्र व इमरत के साथ मिलकर तलवार से हमला कर दिया। इस घटना में राहुल के पैर में चोट आई है। वहीं इन्होंने ही रात ग्यारह बजे एक अन्य महिला के घर में भी तोडफ़ोड़ की।
बताया गया है कि आरोपी दीपक खटीक ने वर्ष 2011 में एक महिला से छेड़छाड़ की थी। इस मामले में 10 अगस्त को शकुन बाई ने अदालत में दीपक खटीक के खिलाफ गवाही दी थी। गवाही देने से नाराज होकर दीपक खटीक ने शकुन बाई हमला किया । राहुल पर हमला भी पीडि़ता के पक्ष का होने के कारण किया गया है।
पार्षद पर आरोपियों को बचाने का आरोप: फरियादी पक्ष का आरोप है कि दीपक खटीक के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। उसे स्थानीय भाजपा पार्षद हरीशंकर मिश्रा पार्टी में लेकर आए हैं। मिश्रा के संरक्षण के चलते ही पुलिस उस पर कार्रवाई करने से बचती है। सीएसपी रश्मि खरया ने बताया कि दीपक व दो अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों का रिकॉर्ड निकाला जा रहा है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *