मुरैना। मुरैना नगर निगमचुनावों में भारतीय जनता पार्टी के अशोक अर्गल ने जीत हासिल की है। वह मुरैना नगर निगम परिषद के पहले मेयर होंगे। उन्होंने अपने निकटतम प्रत्याशी कांग्रेस के राजेन्द्र सोलंकी को ११ हजार ९२६ वोटों से हराया। भाजपा के अशोक अर्गल को ५२ हजार ३५८ मत मिले, जबकि कांग्रेस के राजेन्द्र सोलंकी को ४० हजार ४३२ मत प्राप्त हुए। बहुजन समाज पार्टी के डॉ. राकेश जाटव २८३३६ मत लेकर तीसरे स्थान पर रहे।
बीते दिनों संपन्न हुये मुरैना निगम चुनावों की मतगणना में आज निगम के ४७ वार्डों और महापौर पद के प्रत्याशियों के मतों की गणना हुई। मतगणना में सभी ४७ वार्डों के परिणाम घोषित कर दिए गए। जिसमें भाजपा के १५ पार्षद विजयी रहे। वहीं कांग्रेस के १८, बसपा के ६ तथा अन्य ८ निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। मतगणना सुबह नौ बजे से शुरू हुई। मतगणना स्थल पोलीटेक्निक कालेज पर सुबह से ही सभी राजनैतिक दलों के समर्थक भारी संख्या में जमा हो गए थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। जैसे ही प्रत्याशियों के जीतने की घोषणा हुई वैसे ही उनके समर्थकों ने बैंडबाजों के साथ शहर में जुलूस निकालना शुरू कर दिया। जुलूस में कोई अप्रिय स्थिति ना बने इसके लिए जुलूसों के साथ पुलिस बल भी तैनात किया गया था। वहीं मतमगणना स्थल पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर शिल्पा गुप्ता, पुलिस अधीक्षक विनीत खन्ना सतत निगरानी रखे हुए थे।
उल्लेखनीय है कि मुरैना नगर निगम के चुनाव की घोषणा तथा भाजपा से पूर्व सांसद अशोक अर्गल को टिकट मिलने के बाद से ही उनकी जीत पक्की मानी जा रही थी। जीत को लेकर पार्टी के पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ता भी आश्वास्त थे। वहीं अशोक अर्गल की जीत में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, सांसद अनूप मिश्रा, विधायक रूस्तम सिंह, सत्यपाल सिंह सिकरवार, सूबेदार सिंह रजौधा सहित अन्य नेताओं का सक्रिय योगदान रहा। इतना ही नहीं ग्वालियर से भी साडा के पूर्व अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह, जीडीए के पूर्व अध्यक्ष रवीन्द्र सिंह राजपूत, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा से लेकर सैकडों कार्यकर्ता मुरैना पहुंचे और अपने-अपने परिचितों से लेकर अन्य लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की थी। इसी का परिणाम है कि भाजपा के महापौर पद के प्रत्याशी अशोक अर्गल ने यह जीत हासिल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *