भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर आज वर्चुअल रैली में दिमनी विधानसभा के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और प्रबुद्धजनों से रूबरू हुए। दोनों ही नेताओं ने कहा है भाजपा है तो विकास है और कांग्रेस के आने पर विनाश की स्थिति बनती है। इस रैली में शिवराज व तोमर दोनों ही नेताओं ने कमलनाथ सरकार की कर्जमाफी न कर किसानों से धोखेबाजी करने और ट्रांसफर उद्योग संचालित करने के आरोप लगाए।
वर्चुअल रैली के प्रभारी एवं पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लुणावत ने बताया कि आज ही प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर जौरा विधानसभा की वर्चुअल रैली को संबोधित करेंगे। कल प्रदेश अध्यक्ष शर्मा एवं केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल पोहरी विधानसभा एवं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर अंबाह विधानसभा की वर्चुअल रैली को संबोधित करेंगे।
आत्मनिर्भर भारत पर प्रदेश अध्यक्ष ने बताई खूबियां
उधर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा आत्मनिर्भर भारत को लेकर प्रदेश में संचालित होने वाले कामों के बारे में बताएंगे। केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए इस पैकेज में किस वर्ग के लिए क्या योजनाएं शुरू हैं और इसका लाभ कैसे मिल रहा है? इस पर चर्चा की जाएगी।