ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के मौ थाना क्षेत्र के देवीपुरा गांव में भाभी के प्रेम में फंसे पति ने पत्नी की कट्टे से गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौ थाना टीआई राजकुमार शर्मा बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद पति, सास-ससुर पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पति और सास-ससुर को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कट्टे को बरामद कर लिया है।

मौ थाने के देवी पुरा गांव निवासी देवेंद्र कुशवाह का अपनी पत्नी पूनम 25 वर्ष से झगडा हो गया। बात इतनी बडी कि देवेंद्र ने कट्टे से पूनम के सिर में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर देवेंद्र की मां विद्यादेवी और पिता भगवान सिंह आए। देवीपुरा गांव से पूनम के मायके एंडोरी थाने के शेरपुर गांव में चाचा रामवरन सिंह कुशवाह को फोन किया। सूचना मिलने पर चाचा ने पुलिस को जानकारी दी। आज मौ टीआई राजकुमार शर्मा मौके पर पहुंचे तब पूनम के सास-ससुर घर के बाहर बैठे थे। पूनम का 4 वर्षीय बेटा भूमित और 11 माह की बेटी हिमांशी इन्हीं के पास थी। पुलिस घर में अंदर पहुंची तो आंगन में पूनम का शव पडा था।

पूनम के चाचा रामवरन सिंह कुशवाह ने कहा कि वर्ष 2016 में पूनम की शादी देवेंद्र के साथ हुई थी। करीब 2 साल पहले देवेंद्र ससुराल से 50 हजार रुपए लेकर आया था। इसी बीच देवेंद्र अब फिर से पूनम को दहेज में और रुपए लाने के लिए दबाव बनाता था। इसके चलते देवेंद्र पूनम को प्रताडित करता रहता था। चाचा ने कहा कि देवेंद्र का उसकी भाभी के साथ भी संबंध हो गए थे। इसके चलते ही उसने पूनम को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की वारदात को अंजाम दिया है।

अनुविभागीय अधिकारी पुलिस परमाल मेहरा ने आज देर शाम बताया कि आरोपी पति ने कट्टे से गोली मारकर पत्नी की हत्या की है। उसका भाभी से प्रेम प्रसंग था, इसी के चलते हत्या को अंजाम दिया है। पूनम के परिजन की रिपोर्ट पर पति और सास-ससुर पर केस दर्ज किया है। तीनों को गिरफ्तार किया है। कट्टा भी बरामद कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *