भोपाल ! राजधानी की सेंट्रल जेल में हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा काट रहे दो कैदी आज फरार हो गए। ये दोनों कैदी जेल के स्टॉप डेम के पास स्थित गौशाला में काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि जेल प्रहरी की लापरवाही की वजह से कैदी फरार हुए है। लिहाजा कैदियों के फरार होने के बाद जेल प्रहरी को निलंबित कर दिया गया है और कैदियों को पकडऩे के लिए टीम का गठन किया गया है।
प्राप्त जनकारी के अनुसारजेल प्रहरी मदनमोहन शर्मा रोजाना उम्र कैद की सजा काट रहे 10- 12 बंदियों को काम करवाने के लिए गौशाला और गार्डन में ले जाता था। शुक्रवार को भी वह कैदियों को काम कराने के लिए ले गया था। काम समाप्त होने के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे जब कैदियों को वापस जेल में लेने के लिए गिनती हुई तो दो कैदी कम निकले। ये दोनों कैदी विदिशा जिले के हैं। इनमें से एक कुरवाई का 29 वर्षीय रामलाल और दूसरा ग्यारसपुर का 42 वर्षीय गनपत सिंह है। दोनों को हत्या के अलग-अलग मामलों में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। गनपत 15 अगस्त 2010 से जेल में उम्र कैद की सजा काट रहा था, वहीं रामलाल 28 मई 2010 से सजा काट रहा था। जेलर अखिलेश तोमर ने बताया कि कैदियों के फरार होने के मामले में जेल प्रहरी की लापरवाही सामने आने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है। कैदियों को पकडऩे के लिए एक टीम का गठन भी किया गया है जो कैदियों की तलाश में जुट गई है। साथ ही सभी थानों की पुलिस को इसकी जानकारी दे दी गई है।