भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान की कैबिनेट में मंत्री अरविंद भदौरिया कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कल ही उन्होंने मंत्री परिषद की बैठक में भाग लिया था इसके अलावा पिछले एक सप्ताह में वह करीब 1000 से ज्यादा लोगों से मिले हैं। 18 जुलाई को अरविन्द भदौरिया अपने गृह जिले भिण्ड आए थे। मंत्री बनने के बाद पहली बार भिण्ड आगमन पर उनका भिण्ड जिले में स्वागत किया गया था। रात को उन्होंने भिण्ड निराला रंग बिहार परिसर में एक आमसभा को भी संबोधित किया था।

मंत्री श्री अरविंद भदौरिया ने कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि करते हुए बताया कि कल उन्हें गले में खराश का अनुभव हो रहा था। इसी के चलते उन्होंने कोरोनावायरस की जांच करवाई। जांच रिपोर्ट में उन्हें पॉजिटिव बताया गया इसलिए वह खुद चिरायु अस्पताल लाकर भर्ती हो गए हैं। उन्होंने अपने संपर्क में आए सभी लोगों से कोरोना की जांच कराने की अपील की है।

भिण्ड जिले के लोगों में काफी दहशत है कि कहीं उनको भी कोरोना न हो गया हो। भिण्ड में मंत्री अरविन्द भदौरिया का हजारों लोगों ने स्वागत किया था।