मजदूरी के एडवांस 50 हजार रुपए लेने गए 6 लोगों पर 500 की भीड का हमला, 1 की मौत 5 गंभीर अस्पताल में भर्ती
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर संभाग के धार जिले के मनावर में बुधवार को बच्चा चोरी के शक में भीड ने 6 लोगों को लाठी और पत्थरों से बुरी तरह पीटा। इसमें एक की मौत हो गई, जबकि 5 लोगों की हालत गंभीर है। हालांकि, एक युवक मौके से भाग गया था मगर उसे भी गंभीर चोट आई हैं। भीड ने युवकों की दो कारों में तोडफोड की। घटना तिरला इलाके के खड़किया गांव की है। पीडित उज्जैन जिले के लिंबी पिपलिया गांव के रहने वाले हैं। वे सभी मजदूरों से अपना एडवांस रुपया लेने गांव पहुंचे थे, जहां रुपए नहीं देने का मन बना चुके मजूदरों ने बच्चा चोरी की अफवाह फैला दी।
मनावर पुलिस के अनुसार उज्जैन जिले के लिंबी पिपलिया निवासी जगदीश राधेश्याम शर्मा (45), नरेंद्र सुंदरलाल शर्मा (42), विनोद तुलसीराम मुकाती (43), रवि पिता शंकर लाल पटेल (38), जगदीश पूनमचंद शर्मा (40) ने अपने खेतों में काम करने के लिए खड़किया थाना तिरला के पांच मजदूर अवतार सिंह, राजेश, जामसीह, सुनील, महेश को 50 हजार एडवांस बतौर दिए थे। उनसे अनुबंध था कि वे उनके खेतों में काम करेंगे। कुछ दिन काम करने के बाद वे पांचों काम छोड़कर भाग गए। लगातार उनसे फोन पर संपर्क भी किया गया, लेकिन वे आज-कल कहकर टालते रहे।
घटना में घायल नरेंद्र शर्मा ने बताया कि उनके द्वारा उज्जैन और तिरला थाना पर रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई थी। बाद में उनका फोन आया कि आप खडकिया आ जाओ, यही अपना हिसाब कर लेंगे। हम 6 लोग दो गाड़ी लेकर बुधवार सुबह 7 बजे तिरला थाने पर पहुंचे। उन्हें बताया कि खडकिया के लोगों से पैसा लेना है और वे उन्हें बुला रहे हैं। घटना में एक कार का चालक गणेश पिता मनोज पटेल को गंभीर हालत में बड़वानी रैफर किया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। चार अन्य नरेंद्र, जगदीश, रवि, विनोद को उपचार के लिए इंदौर रैफर किया है। चारों में रवि की हालत गंभीर है। मनावर थाना प्रभारी युवराज सिंह चौहान ने बताया कि मामला दर्ज किया है।
