भोपाल | मध्य प्रदेश में व्यापारियों की समस्याएं दूर करने और व्यापार संबंधी कठिनाइयों के समाधान के लिए ‘व्यापार कल्याण मंडल’ बनाया जाएगा। इस मंडल में विभिन्न क्षेत्र के व्यापारियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जो सरकार को सुझाव देंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को यह घोषणा राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में की। वाणिज्यिक कर विभाग ने अधिकतम कर जमा करने वालों को सम्मानित करने के लिए 2008 में ‘भामाशाह सम्मान’ समारोह की शुरुआत की थी।भोपाल के समन्वय भवन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2012-13, 2013-14 एवं वर्ष 2014-15 के राज्य स्तर पर अधिकतम कर जमा करने वालों को भामाशाह पुरस्कार से सम्मानित किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राज्य के विकास में व्यापारियों और करदाताओं का महत्वपूर्ण योगदान है। इस योगदान के लिए उन्हें सार्वजानिक रूप से सम्मानित किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि गरीबों को सुविधाएं चाहिए और व्यापारियों को सम्मान। व्यापारियों की मेहनत और ईमानदारी के कारण राज्य का कर संग्रहण 23 हजार करोड़ तक पहुंच गया है।मुख्यमंत्री ने कराधान को और सरल बनाने तथा हर प्रकार की लालफीताशाही समाप्त करने का निर्देश देते हुए कहा कि व्यापार को और भी सरल बनाया जाएगा। इस समारोह में वित्त मंत्री जयंत मलैया ने कहा कि व्यापारियों के हित में समाधान योजना के संबंध में जल्द ही अधिसूचना जारी की जाएगी। वाणिज्यिक कर के प्रमुख सचिव मनोज श्रीवास्तव ने विभाग की प्रगति की जानकारी दी।
