पटना । बिहार की राजधानी पटना में लोग फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के समर्थन में सड़क पर उतर आए हैं। कंगना के समर्थन में प्रदर्शन करते हुए लोगों ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र सरकार बॉलीवुड अभिनेत्री के साथ अन्याय कर रही है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने महाराष्ट्र सरकार और बीएमसी मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए देखे गए। इस दौरान एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार कंगना रनौत के साथ अन्याय कर रही है। कंगना की क्या गलती है? उन्होंने सिर्फ सुशांत सिंह राजपूत के हत्यारे के बारे में बोला और न्याय मांगा। न्याय मांगना क्या कोई गुनाह है?

इस बीच, बुधवार को बीएमसी ने कंगना के मुंबई स्थित कार्यालय में हुए अवैध निर्माण पर जेसीबी चलवा दी। कंगना के वकील इसके खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे। अब कोर्ट ने तोड़फोड़ पर रोक लगा दी है। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले को लेकर कंगना रनौत काफी मुखर रही हैं और लगातार महाराष्ट्र सरकार पर हमला बोला है।

बीते कुछ दिनों से शिवसेना सांसद संजय राउत और कंगना रनौत के बीच जुबानी जंग भी चल रही है। राउत ने हाल ही में कहा था कि कंगना यदि मुंबई में असुरक्षित महसूस करती हैं तो उन्हें यहां नहीं लौटना चाहिए। कंगना कोरोना काल में अपने हिमाचल प्रदेश स्थित घर पर थीं और आज ही मुंबई लौटी हैं।

वहीं अपने एक ट्वीट में कंगना रनौत ने मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर यानी पीओके से की थी। कंगना ने ट्विटर पर लिखा था, ‘संजय राउत ने मुझे खुलेआम धमकी दी है और मुंबई नहीं आने को कहा है। मुंबई की गलियों में आजादी के भित्ति चित्र और अब खुली धमकी, मुंबई पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर जैसी फीलिंग क्यों दे रहा है?’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *