भोपाल। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के पारेश्वर में एक महिला ने तीन बच्चों समेत खुद को आग लगा ली। महिला अपने पति के मजदूरी करने के लिए इंदौर जाने से नाराज थी। घर पर महिला की सास-ससुर से विवाद होना भी सामने आया। ऐसे में वह पति के साथ ही जाना चाहती थी। आग से तीनों बच्चे और महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है। यहां एक बच्चे की हालत नाजुक है।

पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम पारेश्वर में रहने वाली वर्षा (27वर्ष) का पति दिनेश जाटव करीब डेढ महीने पहले मजदूरी करने के लिए इंदौर गया था। इस दौरान वर्षा अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। रविवार को ही वह ससुराल में लौटी। वह पति के उसे साथ लिए बिना इंदौर जाने से नाराज थी। इसी बात पर सोमवार को पहले उसने अपने तीन बच्चों सुखिया (5), राजा (4) और एक छह महीने के बेटे के ऊपर केरोसिन डाला, फिर खुद पर केरोसिन डाल लिया। इसके बाद उसने तीनों बच्चों के साथ खुद को आग लगा ली। घटना में मां और तीनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद पिछोर से ग्वालियर रैफर किया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई गई है।

तहसीलदार दिनेश सिंह चौरसिया भी मौके पर पहुंचे। बयान में वर्षा ने बताया कि उसकी सास-ससुर से नहीं बनती थी। वे पति के बाहर काम करने को लेकर भी उसे ताने देते थे। मामले में पीडिता की सास कस्तूरी और ससुर खुमना जाटव ने बताया कि 15 दिन बाद रविवार को ही वर्षा मायके सीहोर से लौटी है। पति दिनेश लगभग डेढ माह से इंदौर में है। घटना के समय ससुर घर के बाहर थे और सास खेत पर काम कर रही थी। बताया जाता है कि ससुर खुमना ने चिल्लाने की आवाज सुनकर वर्षा और बच्चों को बचाने की कोशिश भी की, जिसमें वह खुद भी झुलस गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *